मोकामा में ज्वेलरी दुकान में लूट, नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग

सम्यागढ़ बाजार में रविवार की शाम चार नकाबपोश बदमाशों ने एक आभूषण दुकान में लूटपाट की। डकैतों ने दुकान से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली।
भागते समय बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए एक राउंड फायरिंग भी की। घटना की सूचना मिलते ही सम्यागढ़ पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
वारदात के बाद वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घटना के बाद बाजार में दहशत फैल गई और सभी दुकानों के शटर बंद हो गए।

रविवार की शाम करीब 7:15 बजे दो बाइक पर सवार चार बदमाश सम्यागढ़ बाजार पहुंचे और मां अम्बे ज्वेलर्स में घुस गए। सभी अपराधियों ने गमछे से अपना मुंह ढका हुआ था और हाथों में पिस्तौल भी थी।
मां अम्बे ज्वेलर्स की दुकान सम्यागढ़ थाने से चंद कदम दूर स्थित है। दुकान के मालिक चंदन कुमार ने बताया कि बदमाशों ने दुकान में घुसते ही पिस्तौल की बट से उन पर हमला कर दिया और लगभग पांच मिनट के भीतर सभी आभूषण और 70 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित दुकानदार के अनुसार, लूट के दौरान दहशत पैदा करने के लिए एक राउंड फायरिंग भी की गई। बाढ़ एसडीपीओ रामकृष्णा और थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी चार बदमाश दो बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। लूटपाट की घटना की जानकारी मिलते ही सम्यागढ़ थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।
सभी बदमाश भदौर से होते हुए कोंन्दी की ओर भागे। पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए पीछा किया और कई अन्य थानों की पुलिस को भी नाकेबंदी के निर्देश दिए गए हैं। लूटपाट की इस वारदात और एक राउंड फायरिंग की पुष्टि मुखिया कुसुम देवी ने भी की है। घटना के बाद सम्यागढ़ बाजार के लोग दहशत में आ गए और अपने घरों में दुबक गए। सम्यागढ़ एक व्यस्त बाजार है, जहां करीब दस गांवों के लोग रोजमर्रा के सामान की खरीदारी के लिए आते हैं।
मुखिया प्रतिनिधि मुरलीधर सिंह ने बताया कि लूटपाट की इस घटना के बाद व्यवसायियों में खौफ समा गया है। पुलिस बाजार में लगातार गश्त कर रही है।

By Paromita