श्रीलंका सीरीज जीत से अजीत अगरकर को मिली बड़ी राहत, चीफ सेलेक्टर की कुर्सी पर आया नया अपडेट

मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर की कुर्सी को लेकर चल रही अटकलों के बीच अब उनके लिए राहत की खबर सामने आ रही है। चर्चा है कि अगरकर की जगह वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी दी जा सकती है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक फिलहाल अगरकर भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता के पद पर बने रह सकते हैं। इस मुद्दे को लेकर बीसीसीआई के भीतर भी अलग-अलग राय सामने आ रही है।

एक पक्ष का मानना है कि वीवीएस लक्ष्मण को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) की जिम्मेदारी के साथ-साथ मुख्य चयनकर्ता का पद भी दिया जा सकता है। वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और अजीत अगरकर के बीच बेहतर तालमेल है। ऐसे में 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए मौजूदा व्यवस्था में बदलाव करना फिलहाल सही फैसला नहीं होगा।

बीसीसीआई की 18 तारीख को होने वाली एजीएम में इस मुद्दे पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, बोर्ड के एक फैसले को इस पूरे मामले में अहम संकेत माना जा रहा है। बीसीसीआई ने जूनियर चयन समिति के लिए आवेदन जरूर मांगे हैं, लेकिन सीनियर चयन समिति के लिए अभी तक आवेदन नहीं मंगाए गए हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि फिलहाल अगरकर को ही अपनी जिम्मेदारी जारी रखने का मौका मिल सकता है।

अजीत अगरकर को जुलाई 2023 में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया था। उनका शुरुआती कार्यकाल इस साल जून में समाप्त हो चुका था, लेकिन उन्हें सितंबर तक का विस्तार दिया गया। अगरकर के कार्यकाल के दौरान चयन समिति ने कई अहम फैसले लिए और भारतीय टीम ने तीन आईसीसी खिताब अपने नाम किए। इनमें दो टी20 विश्व कप और एक चैंपियंस ट्रॉफी शामिल है।

हालांकि, पिछले कुछ समय में टीम चयन को लेकर लिए गए कुछ फैसलों पर सवाल भी उठे हैं। ऐसे में बीसीसीआई के सामने अब बड़ा सवाल यही है कि 2027 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अगरकर को एक साल का और एक्सटेंशन दिया जाए या फिर वीवीएस लक्ष्मण को मुख्य चयनकर्ता की जिम्मेदारी सौंपी जाए।

माना जा रहा है कि श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में भारत की जीत अगरकर के पक्ष में माहौल बनाने में मदद कर सकती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगरकर खुद भी 2027 विश्व कप तक मुख्य चयनकर्ता के पद पर बने रहना चाहते हैं। अब सभी की नजरें बीसीसीआई की आगामी एजीएम पर टिकी हैं, जहां इस मामले को लेकर तस्वीर कुछ और साफ हो सकती है।

By sunny