स्मृति मंधाना से चूका वर्ल्ड रिकॉर्ड, जानें महिला T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली टॉप-5 बल्लेबाज कौन हैं

भारत ने गुरुवार को विमेंस एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल-1 में बांग्लादेश को 40 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। अब फाइनल में भारतीय टीम का सामना 13 सितंबर को पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच होने वाले सेमीफाइनल-2 की विजेता टीम से होगा।

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 149 रन बनाए। टीम को शुरुआत में ही बड़ा झटका लगा और महज 9 रन के स्कोर पर स्मृति मंधाना 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

स्मृति मंधाना के पास इस मुकाबले में महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इतिहास रचने का शानदार मौका था। अगर वह बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में 69 रन बना लेतीं, तो महिला टी20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन जातीं। हालांकि, मंधाना इस रिकॉर्ड से चूक गईं।

मंधाना अब तक 175 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में 30.65 की औसत से 4,692 रन बना चुकी हैं। उनके नाम 2 शतक और 35 अर्धशतक हैं। इस दौरान उन्होंने 634 चौके और 95 छक्के भी लगाए हैं।

महिला टी20I में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स के नाम है। बेट्स ने 186 मैचों में 28.83 की औसत से 4,758 रन बनाए हैं। स्मृति मंधाना 4,692 रन के साथ दूसरे स्थान पर हैं। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर 4,249 रन के साथ तीसरे, श्रीलंका की चामरी अथापथु 4,095 रन के साथ चौथे और न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन 3,817 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

वहीं, विमेंस एशिया कप 2026 में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में स्मृति मंधाना अब शेफाली वर्मा के बाद दूसरे नंबर पर हैं। शेफाली ने 4 मैचों में 50.67 की औसत से 154 रन बनाए हैं।

मंधाना इस टूर्नामेंट में शतक लगाने वाली इकलौती बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने हांगकांग, चीन के खिलाफ 64 गेंदों में 14 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 124 रन की शानदार पारी खेली थी।

By sunny