चुनाव प्रक्रिया समाप्त होते ही सिलीगुड़ी मेट्रोपोलिटन पुलिस एक बार फिर अपराध नियंत्रण को लेकर सक्रिय हो गई है। पिछले कुछ महीनों में शहर के विभिन्न इलाकों में हुई कई चोरी की घटनाओं की जांच में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को आयोजित एक पत्रकार सम्मेलन में डीसीपी राना मुखर्जी ने कई मामलों में गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी को लेकर विस्तृत जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस वर्ष जनवरी और फरवरी महीने में चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई थीं। एक मामले में बीएसएफ कैंप से कंप्यूटर समेत कई महत्वपूर्ण उपकरण चोरी हो गए थे।
वहीं फरवरी महीने में सेवक रोड स्थित मिलिट्री स्टेशन इलाके से एक मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई थी। जांच के दौरान विभिन्न सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच के बाद पुलिस ने भक्तिनगर थाना क्षेत्र के कुख्यात चोर राकेश मिस्त्री को इन घटनाओं का मुख्य आरोपी चिन्हित किया। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुछ दिनों तक फरार रहा, लेकिन आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से बीएसएफ कैंप से चोरी हुए उपकरण और चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई।
पुलिस प्रशासन इस कार्रवाई को जांच की बड़ी सफलता मान रहा है। इधर, आसिघर इलाके में एक घर से करीब साढ़े चार लाख रुपये नकद और सोने के गहनों की चोरी के मामले में भी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुमार राय नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से पूरी रकम तो बरामद नहीं हो सकी, लेकिन लगभग 3 लाख 15 हजार रुपये नकद और चोरी हुए सभी सोने के गहने बरामद कर लिए गए हैं। डीसीपी (पूर्व) राना मुखर्जी ने बताया कि तीन अलग-अलग मामलों में राकेश मिस्त्री और कुमार राय को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया गया है। साथ ही शहर में लंबित अन्य मामलों की जांच भी तेज़ी से जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी कानून के दायरे में लाया जाएगा।
