मुजफ्फरपुर में आपसी रंजिश में गोलीबारी:युवक के पैर में लगी बुलेट

मुजफ्फरपुर के आपसी रंजिश के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घायल को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़ित की पहचान मीनापुर के प्रसाद गांव का निवासी मो. अफरोज(20) के तौर पर हुई है। घटना कांटी थाना क्षेत्र के कोठिया की है।
मामले की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि अफरोज के पैर में गोली लगी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि जुनैद और उसके साथियों ने अफरोज को गोली मारी है। इन दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी, जिसमें पहले चाकूबाजी की घटना भी हो चुकी है। घायल अफरोज ने बताया कि गांव के ही एक युवक से उसका वर्ष 2024 से मारपीट को लेकर विवाद चल रहा है। इस मामले में वह पहले जेल भी जा चुका है। जेल से निकलने के बाद उसने मजार पर चादरपोशी की मन्नत मांगी थी। गुरुवार को चादरपोशी करके लौट रहा था और अगले दिन काम के सिलसिले में बाहर जाने वाला था। इसी दौरान दो युवकों ने उसे घेर लिया और फायरिंग कर दी। गोली उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर गया।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। कांटी पुलिस ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। वारदात पैसे के लेनदेन और आपसी रंजिश का परिणाम है। पुलिस जुनैद समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

By Paromita