पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर दोबारा मतदान शुरू, 15 मतदान केंद्रों पर वोटिंग जारी

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से जुड़ी दो सीटों पर आज (2 मई) दोबारा मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह री-पोलिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित समय के अनुसार कराई जा रही है। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को संपन्न हुए थे। राज्य में वोटों की गिनती 4 मई को होनी है। इसी बीच दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों पर मतदान प्रक्रिया में अनियमितताओं और गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आई थीं। इन शिकायतों के आधार पर चुनाव आयोग ने जांच के बाद 15 पोलिंग स्टेशनों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश जारी किया। इनमें मग्राहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 पोलिंग स्टेशन और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र के 4 पोलिंग स्टेशन शामिल हैं। इसी आदेश के तहत आज इन सभी केंद्रों पर पुनः मतदान कराया जा रहा है। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।चुनाव आयोग के अधिकारियों के अनुसार, री-पोलिंग का उद्देश्य पारदर्शिता बनाए रखना और मतदान प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता को दूर करना है। सभी मतदान केंद्रों पर सामान्य प्रक्रिया के अनुसार वोटिंग जारी है। इस बीच, राज्य के राजनीतिक माहौल को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। चुनाव के बाद आए विभिन्न सर्वेक्षणों में पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला बताया जा रहा है। कुछ सर्वे में तृणमूल कांग्रेस को बढ़त दिखाई गई है, जबकि कुछ अन्य रिपोर्टों में भाजपा के लिए सरकार बनाने की संभावना जताई गई है। हालांकि, अंतिम तस्वीर 4 मई को मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगी। प्रशासन ने मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने की अपील की है और कहा है कि सभी केंद्रों पर निगरानी रखी जा रही है ताकि मतदान निष्पक्ष और स्वतंत्र तरीके से संपन्न हो सके। अब सभी की नजर 4 मई को होने वाली मतगणना पर टिकी हुई है, जिससे यह तय होगा कि राज्य की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।

By Arbind Manjhi