पूर्वी चंपारण में नोट डबलिंग गिरोह का भंडाफोड़, बर्खास्त सिपाही और होमगार्ड सहित नौ गिरफ्तार

मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने नोट डबलिंग के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना बिहार सैन्य पुलिस (बीएमपी) के बर्खास्त सिपाही और एक गृहरक्षक समेत नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों के ठिकानों से करीब चार लाख रुपये के नकली नोट, 34 हजार रुपये नकद, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 100 और 200 रुपये के नोट के आकार के 2100 सादे कागज भी जब्त किए गए हैं।
गिरोह का सरगना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बड़हरवा वार्ड संख्या-12 निवासी विदुर सहनी बताया गया है। पुलिस के अनुसार, वह पहले बिहार सैन्य पुलिस में सिपाही था, लेकिन गलत गतिविधियों के कारण सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
सदर-टू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जितेश कुमार पांडेय ने गुरुवार को बताया कि बुधवार को सूचना मिली थी कि कुआरी देवी चौक पर गिरोह के सदस्य दो लोगों को नोट डबलिंग के नाम पर ठगने की तैयारी में हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुआरी देवी चौक से विदुर सहनी और आरा के दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विदुर ने गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों की जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस ने बासमनपुर गांव समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान गिरोह से जुड़े छह अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने विभिन्न ठिकानों से नकली नोट, नोट के आकार के सादे कागज के बंडल, देसी कट्टा, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस अब गिरोह के ठगी के तरीके और नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपितों में भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के सुहिया गांव निवासी आकाश कुमार और प्रदीप कुमार जायसवाल भी शामिल हैं।
इनके अलावा बासमनपुर निवासी राम प्रवेश भगत, कुंदन कुमार, गृहरक्षक चंदेश्वर गिरि, अनिल ठाकुर, अमीरी पंडित और बड़हरवा निवासी अरविंद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और इसके नेटवर्क की जानकारी जुटाकर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
छापेमारी में सदर-टू एसडीपीओ जितेश कुमार पांडेय, मुफस्सिल थानाध्यक्ष अमित कुमार, चंदन कुमार थाना के अन्य पुलिस पदाधिकारी, जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

By Paromita