सिलीगुड़ी मेट्रोपॉलिटन पुलिस के प्रधाननगर थाने ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न स्थानों से चोरी और गुम हुए कुल 45 मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, अलग-अलग समय पर मोबाइल चोरी और गुम होने की दर्ज शिकायतों के आधार पर तफ्तीश शुरू की गई थी।
पुलिस टीम ने आधुनिक तकनीक और निरंतर निगरानी (Technical Surveillance) का सहारा लेते हुए विभिन्न इलाकों से इन 45 मोबाइल फोनों को ट्रैक कर बरामद करने में सफलता पाई।शुक्रवार को जरूरी दस्तावेजों की जांच और पहचान की पुष्टि करने के बाद थाने में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सभी मोबाइल उनके असली मालिकों के सुपुर्द कर दिए गए। लंबे समय बाद अपना खोया हुआ फोन वापस पाकर आम नागरिकों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई व पहल की जमकर सराहना की।
इस मौके पर पुलिस प्रशासन की ओर से नागरिकों से अपील की गई कि यदि किसी का मोबाइल फोन चोरी होता है या गुम होता है, तो वे तुरंत नजदीकी थाने में इसकी शिकायत (GD/FIR) दर्ज कराएं, ताकि समय रहते तकनीकी जांच शुरू कर सामान की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
