नेटफ्लिक्स की ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ सीरीज़ 7 अगस्त से रिलीज़ होगी; कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की वीरता की कहानी

नेटफ्लिक्स ने आज घोषणा की कि भारतीय वायुसेना के सबसे चुनौतीपूर्ण युद्ध अभियानों में से एक पर आधारित नई मिलिट्री ड्रामा सीरीज़ ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ 7 अगस्त से दुनिया भर में स्ट्रीम होगी।

1999 के कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ भारतीय वायुसेना की ‘गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन की अब तक अनकही बहादुरी की कहानी दिखाती है। कठिन परिस्थितियों और बड़ी चुनौतियों के बावजूद इस स्क्वाड्रन ने अपने मिशन को सफल बनाया। सीरीज़ में उनके साहस, बलिदान और देश के प्रति समर्पण को दिखाया गया है। साथ ही, भारतीय सैन्य इतिहास के इस महत्वपूर्ण अध्याय को दर्शकों के सामने जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है।

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ का निर्देशन ओनी सेन ने किया है। इस सीरीज़ को अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने बनाया है। इसमें सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दिया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्णव भसीन और अमृता बागची मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।

नेटफ्लिक्स इंडिया की सीरीज हेड तान्या बामी ने कहा, “नेटफ्लिक्स में हम हमेशा ऐसी नई और दमदार कहानियां दर्शकों तक पहुंचाने की कोशिश करते हैं, जो पहले कभी नहीं बताई गईं। ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ भी ऐसी ही एक कहानी है, जिसे भारतीय वायुसेना ने हम पर भरोसा करके दुनिया तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी है। कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की भूमिका से प्रेरित यह भारत की अपनी तरह की पहली वेब सीरीज़ है। यह सीरीज़ गोल्डन एरोज स्क्वाड्रन के साहस, टीमवर्क और देश के लिए किए गए सर्वोच्च बलिदान को श्रद्धांजलि देती है। इसमें उन वायुसेना के जवानों की प्रेरणादायक कहानी दिखाई गई है, जिन्होंने अपने कर्तव्य से बढ़कर देश की सेवा की। इस सीरीज़ के जरिए दर्शकों को भारतीय वायुसेना के पायलटों का जीवन करीब से देखने का मौका मिलेगा। उनके साहस, उनकी रोज़मर्रा की जिंदगी और देश की सीमाओं की सुरक्षा के लिए हर पल लिए जाने वाले महत्वपूर्ण फैसलों को इसमें वास्तविक रूप से दिखाया गया है। बड़े स्तर पर फिल्मांकन, बेहतरीन प्रोडक्शन और शानदार विजुअल इफेक्ट्स के कारण यह सीरीज़ दर्शकों को वास्तविक युद्ध जैसा अनुभव देगी। इस कहानी का निर्देशन ओनी सेन ने किया है, जबकि अभिजीत सिंह परमार, कुशल श्रीवास्तव और मेहबूब पाल सिंह ब्रार की युवा निर्माता और सह-निर्माता टीम ने इसे तैयार किया है। इस सीरीज़ में नए और अनुभवी कलाकारों का बेहतरीन मेल देखने को मिलेगा। दमदार और किरदार-आधारित कहानियां बनाने के लिए मशहूर मैचबॉक्स शॉट्स के साथ एक बार फिर काम करके हमें बेहद खुशी हो रही है।”

फील गुड फिल्म्स के अभिजीत सिंह परमार और मेहबूब पाल सिंह ब्रार ने कहा, “‘ऑपरेशन सफेद सागर’ बनाने और प्रोड्यूस करने की सबसे बड़ी प्रेरणा हमें उस दुनिया की कहानी दिखाने का मौका मिलने से मिली, जिसे बहुत कम लोग करीब से देख पाते हैं। हमारे सह-निर्माता कुशल श्रीवास्तव के भारतीय वायुसेना के अनुभव ने हमें इस दुनिया को समझने में बहुत मदद की। जब हमने वायुसेना के पायलटों, उनके परिवारों और उनसे जुड़े लोगों के जीवन को करीब से जाना, तब हमें एहसास हुआ कि यह सिर्फ युद्ध या किसी मिशन की कहानी नहीं है। यह दोस्ती, त्याग, नेतृत्व और बेहद कठिन परिस्थितियों में लिए गए अहम फैसलों की कहानी भी है। 100 से अधिक जगहों पर शूटिंग करना, 16 हजार फीट से ज्यादा ऊंचाई पर फिल्मांकन करना, बड़ी स्टार कास्ट के साथ काम करना और बड़े स्तर पर विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल करना हमारे लिए बड़ी चुनौती थी। फिर भी हमने पूरी कोशिश की कि सीरीज़ में भव्यता के साथ-साथ मानवीय भावनाओं को भी पूरी सच्चाई से दिखाया जाए।”

मैचबॉक्स शॉट्स एलएलपी के संजय रौत्रे ने कहा, हमारे देश के इतिहास की कुछ घटनाएं सिर्फ याद रखने के लिए नहीं होतीं, बल्कि उन्हें पूरी सच्चाई और भव्यता के साथ दुनिया के सामने पेश किया जाना चाहिए। ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ ऐसी ही एक कहानी है। यह हमें याद दिलाती है कि कर्तव्य, त्याग और इंसानियत की भावना से किया गया साहस सबसे महान होता है। जब कुशल श्रीवास्तव कई वर्षों के शोध के बाद तैयार की गई यह स्क्रिप्ट हमारे पास लेकर आए, तभी हमें लगा कि इस कहानी को उसी बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाया जाना चाहिए, जिसकी यह हकदार है। इस सीरीज़ में बड़े सैन्य अभियानों के साथ-साथ सैनिकों के निजी जीवन के भावनात्मक पहलुओं को भी खूबसूरती से दिखाया गया है। हमें खुशी है कि नेटफ्लिक्स के साथ मिलकर हम इस दमदार और प्रेरणादायक कहानी को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचा रहे हैं।”

मैचबॉक्स शॉट्स और फील गुड फिल्म्स द्वारा निर्मित ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ उन वीर महिलाओं और पुरुषों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश की सेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उनकी सेवा, दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा आज भी कई पीढ़ियों को प्रेरित करती है।

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ 7 अगस्त से केवल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।

By Business Bureau