भुवन बाम एक बार फिर निभाएंगे पूरे परिवार की भूमिका

टिटू मामा की जिंदगी में एक मुसीबत खत्म नहीं होती कि दूसरी आकर खड़ी हो जाती है। कुछ इसी अंदाज में नेटफ्लिक्स ने अपनी लोकप्रिय सीरीज ‘ढिंढोरा’ के दूसरे सीजन का ट्रेलर जारी किया है। इसका प्रीमियर 20 नवंबर को होगा। बीबी की वाइन्स (BB Ki Vines) की लोकप्रिय और मजेदार दुनिया एक बार फिर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। भारत के चर्चित डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भुवन बाम इस सीरीज में एक बार फिर पूरे परिवार के अलग-अलग किरदार निभाते नजर आएंगे। इनमें दर्शकों के पसंदीदा टिटू मामा प्रमुख हैं, जो अपनी किस्मत और अजीबोगरीब परिस्थितियों के चलते अक्सर नई मुसीबतों में फंस जाते हैं। उनके साथ बबलू जी, जानकी, समीर और बंचो के किरदार भी भुवन बाम ही निभा रहे हैं। इस सीजन में परिवार में एक नया और अहम किरदार भी जुड़ रहा है। अभिनेत्री संजीदा शेख टिटू मामा की पत्नी कविता मामी की भूमिका में नजर आएंगी। नए किरदार और पहले से ज्यादा मनोरंजक घटनाओं के साथ ‘ढिंढोरा’ का दूसरा सीजन दर्शकों को हंसी और मनोरंजन की एक नई दुनिया में ले जाने के लिए तैयार है।

सीजन 2 में टिटू मामा 11 करोड़ रुपये के भारी नुकसान से जूझते नजर आएंगे, वहीं परिवार के रिश्ते भी मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। हालात को संभालने के लिए टिटू मामा अपने ससुराल वालों के साथ रिश्ते सुधारने की योजना बनाते हैं, लेकिन उनकी यह कोशिश एक नई मुसीबत को जन्म दे देती है। अब सवाल यह है कि क्या टिटू मामा खजाना खोजने में कामयाब होंगे या उनके हाथ परेशानियों का एक और बड़ा पिटारा लगेगा? ‘ढिंढोरा’ सीजन 2 का निर्देशन स्नेहा शेट्टी कोहली ने किया है। सीरीज की कहानी और पटकथा भुवन बाम, अब्बास दलाल, हुसैन दलाल और चेतन डांगे ने लिखी है। इसका निर्माण रोहित राज और भुवन बाम ने किया है।

नेटफ्लिक्स के साथ अपनी इस दुनिया को बड़े पर्दे पर लाने को लेकर अभिनेता और कंटेंट क्रिएटर भुवन बाम कहते हैं, “जब मैंने पहली बार इन किरदारों को गढ़ा था, तब मेरी कोशिश थी कि वे थोड़े अनोखे और मजेदार होने के साथ-साथ दर्शकों को अपने आसपास के लोगों जैसे भी लगें। बीबी की वाइन्स (BB Ki Vines) की पहचान हमेशा से यही रही है और आज भी यही इसकी मूल भावना है। टिटू मामा का अंदाज ही ऐसा है कि वे हमेशा खुद को ऐसी परिस्थितियों में फंसा लेते हैं, जिनमें पड़ने का उन्होंने कभी इरादा ही नहीं किया होता। इस बार वे अपने ससुराल वालों के साथ रिश्ते सुधारने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जैसा कि आप अंदाजा लगा सकते हैं, यह कोशिश भी अपने साथ कई नई परेशानियां लेकर आती है। नेटफ्लिक्स के साथ साझेदारी ने हमें बीबी की वाइन्स (BB Ki Vines) की दुनिया को और बड़े स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने का अवसर दिया है। इससे हमें अपने विचारों और कहानियों को नए आयाम देने का मौका मिला है, साथ ही ‘ढिंढोरा’ की मूल भावना और हास्य को भी बरकरार रखा गया है। सीजन 2 में मनोरंजन और अफरा-तफरी का स्तर पहले से कहीं ज्यादा बढ़ने वाला है। मैं टिटू मामा को एक बार फिर एक्शन में देखने के लिए दर्शकों के उत्साह का इंतजार नहीं कर सकता। आखिरकार, जब टिटू मामा कहानी में होते हैं, तो शांति की उम्मीद करना ही बेकार है!”

‘ढिंढोरा’ परिवार में कविता मामी के किरदार के साथ जुड़ने को लेकर अभिनेत्री संजीदा शेख कहती हैं, “कविता के किरदार की सबसे खास बात मुझे यह लगी कि वह टिटू मामा के सामने अपनी बात मजबूती से रखती है। टिटू मामा के पास हर बात का कोई न कोई जवाब और सफाई हमेशा तैयार रहती है, लेकिन कविता ऐसी शख्सियत हैं, जो उनकी बातों के पीछे की सच्चाई को आसानी से समझ जाती हैं।

भुवन के साथ इस रिश्ते और नोकझोंक को पर्दे पर निभाना मेरे लिए बेहद मजेदार अनुभव रहा। दर्शक पिछले कई वर्षों से टिटू मामा को जानते और पसंद करते आए हैं। अब मैं उनके सामने उस महिला को लाने के लिए उत्साहित हूं, जो टिटू मामा को सबसे अच्छी तरह जानती है।”

इस सीजन की पूरी अफरा-तफरी को पर्दे के पीछे से निर्देशित करने वाली निर्देशक स्नेहा शेट्टी कोहली कहती हैं, “इस सीजन के निर्देशन का सबसे रोमांचक पहलू एक ऐसी दुनिया को नए पैमाने, ऊर्जा और जीवंतता के साथ पेश करना था, जिसे दर्शक पहले से ही बेहद पसंद करते हैं। इस प्रोजेक्ट के साथ अपने निर्देशन करियर की शुरुआत करना मेरे लिए इस अनुभव को और भी खास बनाता है। अनोखे एक्शन दृश्यों से लेकर रंग-बिरंगे गाने और डांस के सीक्वेंस तक, शूटिंग का हर दिन कुछ नया और रोमांचक लेकर आया। नए किरदारों को पेश करना और उन्हें पुराने लोकप्रिय किरदारों के साथ जोड़कर उनके आपसी रिश्तों और तालमेल को पर्दे पर दिखाना भी एक शानदार अनुभव रहा। सबसे खास बात यह रही कि भुवन बाम के अपने अनोखे हास्य अंदाज को बरकरार रखते हुए इस लोकप्रिय दुनिया की मूल भावना को कायम रखना मेरे लिए बेहद आनंददायक रहा।”

एक लोकप्रिय डिजिटल सीरीज से नेटफ्लिक्स के शो तक का सफर तय करने वाली ‘ढिंढोरा’ में भुवन बाम का खास अंदाज बरकरार है। इसमें बड़े और दिलचस्प किरदारों के साथ देसी हास्य का अनूठा मेल देखने को मिलता है। अब कविता मामी की एंट्री के साथ टिटू मामा को भी कमर कस लेनी चाहिए, क्योंकि ससुराल से जुड़ी कहानी अब और भी दिलचस्प और मजेदार होने वाली है!

By Business Bureau