बजाज जनरल इंश्योरेंस ने सड़क सुरक्षा, मोटर बीमा और सरकारी दुर्घटना सहायता योजनाओं के बारे में लोगों को किया जागरूक

भारत की प्रमुख प्राइवेट जनरल इंश्योरेंस कंपनियों में से एक बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड (पूर्व नाम बजाज आलियांज़ जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड) ने जमीनी स्तर पर जनभागीदारी की पहल के तहत सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुणे ट्रैफिक पुलिस के साथ साझेदारी की है। इस पहल के तहत, कंपनी ने पुणे के येरवडा बजाज जनरल मेट्रो स्टेशन पर एक डिजिटल शाखा का उद्घाटन किया है, जिसके माध्यम से यात्रियों को मोटर बीमा से जुड़ी ज़रूरी जानकारी और सड़क दुर्घटना में सहायता से जुड़ी पहलों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
यह डिजिटल शाखा हर दिन इस स्टेशन से आने-जाने वाले हज़ारों यात्रियों को ध्यान में रखकर बनाई गई है, जहां से वाहन मालिक आसानी से अपने थर्ड पार्टी (टीपी) मोटर बीमा की वैधता जांच सकते हैं। क्यूआर कोड स्कैन करके वे पता कर सकते हैं कि उनके वाहन की टीपी बीमा पॉलिसी मान्य है या नहीं, और अगर ज़रूरत हो, तो वे कुछ ही मिनटों में डिजिटल माध्यम से पॉलिसी खरीद भी सकते हैं। इस पहल का उद्देश्य बीमा से जुड़ी जानकारी को अधिक सुलभ बनाना और वाहन मालिकों को मोटर बीमा से जुड़े कानूनी दायित्वों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करना है।
मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत थर्ड-पार्टी मोटर बीमा अनिवार्य है, और यह सड़क दुर्घटनाओं से प्रभावित थर्ड पार्टी को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भारतीय सड़कों पर बड़ी संख्या में वाहन वैध बीमा के बिना चल रहे हैं, जिससे दुर्घटना के पीड़ितों को आर्थिक देनदारियों का सामना करना पड़ सकता है और ऐसी घटनाओं के समय उन्हें सीमित सहायता मिल पाती है। इस अभियान का उद्देश्य जागरूकता की इस कमी को दूर करना है, जिसके तहत वाहन मालिकों को अपनी बीमा संबंधी ज़िम्मेदारियां पूरी करने और थर्ड पार्टी बीमा को ज़िम्मेदारी से वाहन रखने का एक ज़रूरी हिस्सा समझने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटना के पीड़ितों के लिए भारत सरकार की दो प्रमुख पहलों की भी जानकारी देना है। राह-वीर योजना के तहत उन नेक लोगों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाता है, जो सड़क दुर्घटना के पीड़ितों को दुर्घटना के बाद के महत्वपूर्ण गोल्डन ऑवर के दौरान हॉस्पिटल पहुंचाने में मदद करते हैं। प्रधानमंत्री सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए हॉस्पिटल में भर्ती और सुनिश्चित उपचार योजना यानी पीएम-राहत के तहत पात्र सड़क दुर्घटना पीड़ितों को कैशलेस चिकित्सा उपचार की सुविधा दी जाती है। जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़कर और डिजिटल माध्यमों से जागरूकता फैलाकर इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी देना है।
बजाज जनरल इंश्योरेंस के एमडी और सीईओ डॉ. तपन सिंघल ने कहा, “सड़क दुर्घटना की हर घटना के पीछे सबसे पहले एक इंसानी कहानी होती है: एक पिता जो घर नहीं लौटा, एक बच्चा जो दरवाज़े पर इंतज़ार कर रहा है। बीमा का असली उद्देश्य एक वादा करना है कि ऐसे मुश्किल समय में कोई भी परिवार खुद को अकेला महसूस न करे। पुणे बजाज का अपना शहर है और बजाज ग्रुप के 100 वर्ष और बजाज जनरल इंश्योरेंस के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हम इस शहर को कुछ ऐसा वापस देना चाहते थे जो सच में मायने रखता हो।
इस स्टेशन का नाम हमारे नाम पर है और इसके साथ ही यहां से आने-जाने वाले हर यात्री के प्रति हमारी एक ज़िम्मेदारी भी जुड़ी है। अगर यहां एक भी व्यक्ति अपनी पॉलिसी की जांच करता है या कोई राहगीर, राह-वीर के बारे में सुनकर किसी अनजान व्यक्ति की मदद के लिए रुकता है, तो इसका मतलब है कि हमारी पहल का सकारात्मक प्रभाव हो रहा है। इस पहल में हमारा साथ देने के लिए मैं पुणे ट्रैफिक पुलिस का दिल से आभारी हूं। हमारे लिए ‘केयरिंगली योर्स’ का असली मतलब यही है।”
पुणे शहर पुलिस के पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) श्री डॉ. संदीप भाजीभाकरे ने कहा, “सड़क सुरक्षा हम सभी की साझा ज़िम्मेदारी है। केवल पुलिस के प्रयासों से हमारी सड़कें सुरक्षित नहीं हो सकतीं, बल्कि नागरिकों, संस्थानों और उद्योग जगत, सभी को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। हम बजाज जनरल इंश्योरेंस की इस पहल का स्वागत करते हैं, जिसके माध्यम से पुणे के लोगों के बीच रोज़ाना आने-जाने की जगह पर जागरूकता फैलाई जा रही है।
राह-वीर के माध्यम से, हम चाहते हैं कि हर नागरिक यह जाने कि दुर्घटना पीड़ित की मदद करना सुरक्षित है और इसके लिए मदद करने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत भी किया जाएगा। पीएम-राहत योजना के तहत पीड़ितों को समय पर कैशलेस उपचार मिलता है। वहीं, वैध थर्ड पार्टी बीमा पीड़ित और ड्राइवर, दोनों को सुरक्षा देता है। ये सभी मिलकर गोल्डन ऑवर के दौरान कई लोगों की जान बचा सकते हैं। हम पुणे के हर नागरिक से अपील करते हैं कि वे अपने वाहन का बीमा कराएं, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क पर किसी ज़रूरतमंद की मदद करने से कभी पीछे न हटें।”
येरवडा बजाज जनरल मेट्रो स्टेशन पर बनाई गई डिजिटल शाखा, जन जागरूकता को आसानी से उपलब्ध डिजिटल सेवाओं से जोड़ने का एक प्रयास है और इसके माध्यम से बीमा और सड़क सुरक्षा से जुड़ी ज़रूरी जानकारी को यात्रियों के रोज़मर्रा के अनुभव का हिस्सा बनाया जा रहा है।

By Business Bureau