भारत-मालदीव के बीच आसान होगी मनी ट्रांसफर सुविधा, UPI से जुड़ा Favara नेटवर्क

भारत और मालदीव के बीच डिजिटल पेमेंट कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए एक नई क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट सुविधा शुरू की गई है। इसके तहत मालदीव के इंस्टेंट पेमेंट सिस्टम Favara को भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) से जोड़ दिया गया है। इस इंटीग्रेशन के बाद दोनों देशों के बीच डिजिटल माध्यम से पैसे भेजना आसान हो जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत मालदीव में रहने वाले लोग अपने मोबाइल बैंकिंग ऐप के जरिए Favara का इस्तेमाल कर सीधे भारत के UPI से जुड़े बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कर सकेंगे। इस ट्रांजैक्शन में रकम मालदीवियन रूफिया (MVR) में भेजी जाएगी, जबकि भारत में लाभार्थी को भुगतान भारतीय रुपये (INR) में मिलेगा।

शुरुआत में यह सुविधा Bank of Maldives Plc और Maldives Islamic Bank Plc के ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराई गई है। फिलहाल इसके जरिए Person-to-Person (P2P) यानी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के बैंक खाते में सीधे पैसे भेजे जा सकते हैं।

वित्त मंत्रालय के अनुसार, इस सुविधा के तहत कुछ विशेष श्रेणियों में ही रेमिटेंस की अनुमति होगी। इनमें परिवार के खर्च और देखभाल के लिए पैसे भेजना, विदेश से आने-जाने वाली फैमिली मेंटेनेंस रेमिटेंस और विदेश भेजे जाने वाले गिफ्ट से जुड़े रेमिटेंस शामिल हैं।

इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें परिवार या रिश्तेदारों को नियमित रूप से पैसे भेजने की जरूरत होती है। नई व्यवस्था से रेमिटेंस प्रक्रिया तेज, आसान और ज्यादा सुविधाजनक हो सकती है।

मालदीव मॉनेटरी अथॉरिटी (MMA) ने 30 जुलाई को Favara और UPI इंटीग्रेशन के सफल लॉन्च की जानकारी दी। इस परियोजना को लागू करने में Reserve Bank of India (RBI), NPCI International Payments Limited (NIPL), Maldives Monetary Authority और दोनों देशों के भागीदार बैंकों ने मिलकर काम किया।

Favara को UPI से जोड़ने का समझौता जुलाई 2025 में किया गया था। इसके बाद टेस्टिंग, सर्टिफिकेशन, ऑनबोर्डिंग और लाइव वैलिडेशन जैसी प्रक्रियाओं को पूरा किया गया। अंतिम तैयारियों के बाद यह सेवा अब पूरी तरह शुरू हो चुकी है।

भारत और मालदीव भविष्य में इस साझेदारी को और विस्तार देने की योजना बना रहे हैं। अगले चरण में QR Code आधारित मर्चेंट पेमेंट और अन्य डिजिटल क्रॉस-बॉर्डर पेमेंट सेवाओं को भी शामिल किया जा सकता है।

फिलहाल भारत की UPI आधारित पेमेंट सुविधा मालदीव समेत 9 देशों में उपलब्ध है। इनमें कंबोडिया, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर और श्रीलंका शामिल हैं।

मालदीव के साथ शुरू हुई यह नई डिजिटल पेमेंट सुविधा दोनों देशों के बीच वित्तीय सहयोग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

By sunny