NTA का बड़ा फैसला: 600 पेपर सेटर्स हटाए गए, अब चार स्तरों पर होगी प्रश्न-पत्रों की जांच

NEET UG पेपर लीक के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। परीक्षाओं में सामने आ रही गड़बड़ियों के बीच अब NTA ने अपनी व्यवस्था में कई अहम बदलाव करने का फैसला लिया है। इसी के तहत प्रश्न-पत्र तैयार करने वाले 600 एक्सपर्ट्स को हटाया गया है और उनकी जगह नई टीम बनाई गई है। साथ ही प्रश्न-पत्रों की जांच के लिए 4 स्तरीय व्यवस्था लागू की जाएगी।

NTA ने जून में UGC NET परीक्षा आयोजित की थी। इसके बाद अंग्रेजी, कॉमर्स और सोशियोलॉजी के प्रश्न-पत्रों को लेकर छात्रों ने शिकायतें की थीं। शिकायतों की जांच के दौरान NTA ने पाया कि प्रश्न-पत्र तैयार करते समय कुछ बुनियादी नियमों का सही तरीके से पालन नहीं किया गया था। इसके बाद इन तीनों विषयों की परीक्षा रद्द कर दोबारा कराने का निर्णय लिया गया।

शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, NTA ने प्रश्न-पत्र तैयार करने वाले 600 विशेषज्ञों को उनकी जिम्मेदारी से हटा दिया है। इनकी जगह नई टीम तैयार की गई है। अगले दो से तीन सप्ताह में 20 से 25 नए अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी। आने वाले समय में जरूरत के मुताबिक और विशेषज्ञों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत प्रश्न-पत्रों की जांच अब चार अलग-अलग स्तरों पर की जाएगी। जांच के दौरान प्रश्नों से जुड़ी तथ्यात्मक गलतियों के अलावा टाइपिंग, भाषा और अनुवाद संबंधी त्रुटियों को भी देखा जाएगा। NTA का उद्देश्य परीक्षा से पहले ही प्रश्न-पत्र में किसी भी तरह की गलती या कमी को दूर करना है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और भरोसेमंद बनाया जा सके।

By sunny