आर्सेलरमित्तल निप्पॉन स्टील इंडिया (AM/NS India) ने आज घोषणा की कि कंपनी के गुजरात स्थित हजीरा फ्लैगशिप प्लांट में अत्याधुनिक पिकलिंग लाइन और टैंडम कोल्ड मिल (PLTCM) का उद्घाटन भारत में जापान के राजदूत महामहिम श्री केइची ओनो द्वारा किया गया। प्रति वर्ष 2 मिलियन टन क्षमता वाली यह अत्याधुनिक PLTCM लाइन, AM/NS India की ऑटोमोटिव मैन्युफैक्चरिंग क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि करेगी। जल्द ही यह यूनिट उच्च गुणवत्ता वाले कोल्ड-रोल्ड बेस स्टील का उत्पादन शुरू करेगी, जिसके आधार पर विश्वस्तरीय, प्रथम-प्रकार के तथा पेटेंटेड स्टील सॉल्यूशन्स का निर्माण संभव होगा। ये समाधान आर्सेलरमित्तल और निप्पॉन स्टील जैसी वैश्विक पेरेंट कंपनियों की उन्नत तकनीक पर आधारित हैं। यह नई लाइन भारत को एडवांस्ड हाई स्ट्रेंथ स्टील (AHSS) के उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी और ऑटोमोटिव उद्योग की बढ़ती मांग को पूरा करने में सहायक होगी।
भारत की सबसे उन्नत उत्पादन लाइनों में शामिल यह सुविधा अत्याधुनिक प्रोसेस टेक्नोलॉजी, उच्च स्तरीय ऑटोमेशन और वैश्विक मानकों की गुणवत्ता प्रणालियों से सुसज्जित है। यह प्लांट AHSS, गैल्वनील्ड (GA), गैल्वनाइज्ड (GI) और प्रेस हार्डन्ड स्टील (PHS) जैसे विभिन्न ऑटोमोटिव अनुप्रयोगों के लिए स्टील उत्पादन हेतु डिजाइन किया गया है। यह सुविधा देश की अन्य मिलों की तुलना में अधिक सक्षम है और सभी ऑटोमोटिव कंपनियों को एंड-टू-एंड समाधान प्रदान करने की क्षमता रखती है। ये समाधान वैश्विक स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) मानकों के अनुरूप हैं, वाहनों को हल्का बनाने में मदद करते हैं जिससे उनकी दक्षता और प्रदर्शन में सुधार होता है, तथा भारत NCAP (BNCAP) के अनुसार वाहन सुरक्षा को भी बढ़ाते हैं। यह समर्पित ऑटोमोटिव लाइन AM/NS India की डाउनस्ट्रीम क्षमताओं को और मजबूत करेगी तथा 1180 MPa तक की उच्च शक्ति वाले AHSS के उत्पादन को समर्थन देगी, जो वैश्विक मानकों के अनुरूप है।
यह उद्घाटन AM/NS India के हजीरा प्लांट में चल रहे रू.60,000 करोड़ के विस्तार परियोजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसमें अपस्ट्रीम, डाउनस्ट्रीम और अन्य सहायक सुविधाओं का विकास शामिल है। जापान के राजदूत महामहिम श्री केइची ओनो ने प्लांट का दौरा कर इसकी संचालन क्षमता और विकास की गति का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त किया। महामहिम श्री केइची ओनो ने कहा, “मैं AM/NS India को उनके हजीरा प्लांट में अत्याधुनिक ऑटोमोटिव स्टील शीट उत्पादन लाइन के शुभारंभ के लिए बधाई देता हूँ। जापान की उन्नत तकनीक ने भारत में उच्च गुणवत्ता वाले स्टील उत्पादन को नई दिशा दी है। ‘Make in India, Make for the World’ पहल में जापान का योगदान अब एक नए चरण में प्रवेश कर चुका है। जापान और भारत के बीच संबंध परस्पर पूरक हैं, जहाँ जापान की तकनीक और पूंजी, भारत की विनिर्माण क्षमता और बढ़ती मांग के साथ मिलकर कार्य करती हैं। हजीरा प्लांट की कार्यक्षमता को प्रत्यक्ष रूप से देखने के बाद मुझे विश्वास है कि दोनों देशों के बीच औद्योगिक सहयोग और ‘विकसित भारत’ का भविष्य उज्ज्वल है।”
