जलपाईगुड़ी में तीस्ता नदी के मैदानी इलाके में घुसा ६०-७० हाथियों का विशाल झुंड, वन विभाग की टीम तैनात

जलपाईगुड़ी के बैकुंठपुर वन क्षेत्र के तहत आने वाले तीस्ता नदी के मैदानी इलाके अचानक ६० से ७० हाथियों का एक विशाल झुंड घुस आने से स्थानीय निवासियों में भारी दहशत फैल गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने उस समय हाथियों को देखा जब वे खेतों में मिर्च की कटाई कर रहे थे, जिसके बाद वे डरकर वहाँ से भाग खड़े हुए और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए बेलाकोबा स्क्वाड के वन कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और हाथियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखना शुरू कर दिया। इसी दौरान झुंड से अलग होकर तीन हाथी जंगल के पास स्थित एक स्थानीय मंदिर परिसर की ओर बढ़ गए थे, जहाँ अक्सर श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं, हालांकि वन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए समय रहते उनका रुख दूसरी दिशा में मोड़ दिया।

बेलाकोबा स्क्वाड के रेंजर उत्तम सरकार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि हाथियों का यह झुंड पिछले तीन-चार दिनों से बैकुंठपुर जंगल के गौरीकोन इलाके में डेरा डाले हुए है और बीच-बीच में पानी व भोजन की तलाश में तीस्ता नदी के तटवर्ती मैदानी हिस्सों की ओर आ जाता है। वन्यजीवों और स्थानीय आबादी के बीच किसी भी संभावित टकराव या अप्रिय घटना को रोकने के लिए वन विभाग बेहद सतर्क है। प्रशासनिक स्तर पर प्रभावित ग्रामीण इलाकों में लगातार लाउडस्पीकर के जरिए घोषणाएं (पब्लिक अनाउंसमेंट) की जा रही हैं, ताकि लोग सतर्क रहें, हाथियों के करीब जाने से बचें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

By rohan