रूस के ड्रोन हमले से ज़ेलेंस्की की जान पर बनी? सामने आई पूरी सच्चाई

क्या यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की को ले जा रहा विमान रूसी ड्रोन के निशाने पर था? नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे ने दावा किया है कि मोल्दोवा से उड़ान भरते समय ज़ेलेंस्की का विमान एक ड्रोन की चपेट में आने से बाल-बाल बचा। हालांकि, यूक्रेन और मोल्दोवा ने इस दावे को अलग तरीके से पेश किया है और कहा है कि राष्ट्रपति की जान पर सीधे खतरे की बात को बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया।

पहले जानते हैं कि नॉर्वे के प्रधानमंत्री ने क्या दावा किया और यूक्रेन-मोल्दोवा की ओर से इस मामले में क्या जानकारी सामने आई।

बता दें कि ज़ेलेंस्की नॉर्वे के राजा हेराल्ड के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए नॉर्वे पहुंचे थे। नॉर्वे के पीएम जोनास गार स्टोरे ने बुधवार को सरकारी ब्रॉडकास्टर एनआरके से बातचीत में कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति को ले जा रहा विमान मोल्दोवा से उड़ान भरते समय एक ड्रोन के बेहद करीब आने से खतरे में पड़ गया था।

न्यूज़ एजेंसी एएफपी के मुताबिक, यूक्रेन के राष्ट्रपति कार्यालय के एक सूत्र ने ज़ेलेंस्की की जान को सीधे खतरे में होने की बात को बढ़ा-चढ़ाकर बताया। सूत्र ने कहा कि मोल्दोवा में उस समय अलर्ट जारी किया गया था, क्योंकि एक रूसी ड्रोन मोल्दोवा और रोमानिया के हवाई क्षेत्र में घुस गया था।

सूत्र के अनुसार, शाम करीब 5:20 बजे के बाद अधिकारियों ने पुष्टि की कि ड्रोन नीचे गिरकर फट गया था। यह स्थान चिशिनाउ इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लगभग 160 किलोमीटर दूर था। इसके बाद उड़ानों पर लगाई गई पाबंदियां हटा दी गईं। इसी वजह से ज़ेलेंस्की का विमान भी निर्धारित समय से कुछ देर बाद उड़ान भर सका।

ज़ेलेंस्की मंगलवार शाम नॉर्वे पहुंचे थे। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री जोनास गार स्टोरे, वित्त मंत्री जेन्स स्टोलटेनबर्ग और विदेश मंत्री एस्पेन बार्थ आइडे के साथ बैठक की। अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद ज़ेलेंस्की नॉर्वे से कनाडा के लिए रवाना हो गए, जहां उनकी कनाडाई नेताओं से बातचीत होनी थी।

By sunny