औरंगाबाद में CSP संचालक को गोली मारकर 3 लाख रुपये और लैपटॉप लूटा, गंभीर हालत में गयाजी रेफर

फेसर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह बाइक सवार अपराधियों ने सीएसपी संचालक को गोली मारकर करीब तीन लाख रुपये लूट लिए। वारदात बद्री बिगहा और पिरौंटा गांव के बीच हुई। गोली लगने से पिरौंटा गांव निवासी कामेश्वर प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र एवं सीएसपी संचालक प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कालेज, गयाजी रेफर कर दिया है। प्रदीप कुरहमा गांव स्थित बैंक आफ बड़ौदा का सीएसपी संचालित करते हैं। गुरुवार की सुबह वह घर से सीएसपी खोलने के लिए कुरहमा जा रहे थे। बद्री बिगहा और पिरौंटा गांव के बीच पीछे से आए बाइक सवार अपराधियों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया।
अपराधियों ने मारपीट करते हुए रुपये छीनने का प्रयास किया। इसी दौरान एक अन्य अपराधी वहां पहुंचा और प्रदीप की जांघ में गोली मार दी। गोली लगते ही प्रदीप सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद अपराधी उनके पास रखे करीब तीन लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पैक्स अध्यक्ष राजू यादव के अनुसार, अपराधी सीएसपी संचालक का लैपटॉप और अन्य सामान ले गए। घटना के बाद घायल प्रदीप ने किसी तरह आसपास के लोगों को जानकारी दी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें सदर अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही फेसर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाई। दिनदहाड़े हुई लूट और गोलीबारी की घटना से क्षेत्र में दहशत है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है।

By Paromita