क्लियरट्रिप ने हॉलिडे पैकेज सेगमेंट में रखा कदम, यात्रियों को मिलेगी मनपसंद बदलाव की सुविधा

फ्लिपकार्ट समूह की कंपनी और भारत के प्रमुख ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म में शामिल क्लियरट्रिप ने हॉलिडे पैकेज सेगमेंट में प्रवेश किया है। कंपनी ने फ्लेक्सिबिलिटी-फर्स्ट मॉडल के तहत ऐसी छुट्टी पैकेज सेवा शुरू की है, जिसमें फ्लाइट, होटल, गतिविधियां और ट्रांसफर को एक ही विशेषज्ञ द्वारा तैयार यात्रा कार्यक्रम में शामिल किया गया है।

कंपनी के अनुसार, यात्री अपनी जरूरत के अनुसार पैकेज में बदलाव कर सकेंगे। इसमें होटल बदलने, गतिविधियों को समायोजित करने और फ्लाइट में बदलाव करने की सुविधा होगी। यानी यात्रियों को पहले से तैयार यात्रा कार्यक्रम की सुविधा के साथ अपनी पसंद के अनुसार उसमें बदलाव करने का विकल्प भी मिलेगा। फिलहाल ये पैकेज भारत के लोकप्रिय पर्यटन स्थलों के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए उपलब्ध हैं। आने वाले समय में इनका विस्तार किए जाने की उम्मीद है।

लॉन्च ऑफर के तहत थाईलैंड, बाली और केरल के लिए ‘चाइल्ड फ्लाइज फ्री’ प्रमोशन पेश किया गया है। वहीं थाईलैंड, बाली और अंडमान के लिए ‘पार्टनर @ 50%’ ऑफर भी उपलब्ध कराया गया है। ये ऑफर लागू नियम एवं शर्तों के अधीन होंगे।

क्लियरट्रिप के चीफ बिजनेस ऑफिसर-एयर, गौरव पटवारी ने कहा कि नए मॉडल का उद्देश्य तयशुदा हॉलिडे पैकेज और पूरी तरह खुद से यात्रा की योजना बनाने के बीच की दूरी को कम करना है। इसमें विशेषज्ञों की योजना के साथ यात्रियों को अपनी यात्रा पर नियंत्रण भी दिया गया है।

कंपनी के मुताबिक, यात्री योजना बनाते समय डेस्टिनेशन विशेषज्ञों से सलाह भी ले सकेंगे। उन्हें लाइव यात्रा कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा, जिसमें ड्राइवर की जानकारी, वाउचर और दिनवार यात्रा योजना शामिल होगी। यात्रा के दौरान 24×7 सहायता भी उपलब्ध रहेगी।

क्लियरट्रिप ने कहा कि फ्लिपकार्ट समूह के समर्थन और अपने बड़े स्तर के संचालन के चलते कंपनी ने फ्लाइट, होटल और अनुभवों के लिए कीमतों तथा इन्वेंट्री पर बेहतर सौदे किए हैं। कंपनी ने ‘प्राइस बीट ऑफर’ भी पेश किया है। इसके तहत पात्र यात्री यदि उसी यात्रा कार्यक्रम को कहीं और कम कीमत में पाते हैं, तो उन्हें कम कीमत का लाभ मिल सकता है।

By Business Bureau