अरुणाचल के सीमावर्ती क्षेत्र को मिली नई जीवनरेखा, कुमेय नदी पर स्टील पुल स्थापित

अरुणाचल प्रदेश के कुरुंग कुमेय जिले में कुमेय नदी पर बॉर्डर रोड्स टास्क फोर्स (बीआरटीएफ) ने सफलतापूर्वक एक स्टील पुल स्थापित कर सीमावर्ती हुरी गांव की सड़क संपर्क व्यवस्था बहाल कर दी है। चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के निकट स्थित इस महत्वपूर्ण क्षेत्र का संपर्क 13 जुलाई को आई अचानक बाढ़ के कारण पूरी तरह टूट गया था, जब भारी बारिश से उफनाई कुमेय नदी में 66 मीटर लंबा बेली हैंगिंग ब्रिज बह गया था।

बीआरटीएफ के हुरी अधिकारी कमांडिंग संदीप तिवारी की देखरेख में जिला प्रशासन के समन्वय से यह परियोजना पूरी की गई। उन्होंने बताया कि पुल से जुड़े शेष निर्माण कार्य अगले तीन से चार दिनों में पूरा कर लिया जाएगा, जिसके बाद दामिन-हुरी मार्ग सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। कुरुंग कुमेय के उपायुक्त चीचुंग चुखु ने भी उम्मीद जताई कि पुल का निर्माण अगस्त के पहले सप्ताह में पूरी तरह पूरा हो जाएगा।

बाढ़ के बाद राहत एवं आवश्यक सेवाओं को जारी रखने के लिए अस्थायी लकड़ी के पैदल पुल बनाए गए थे। अब इंजीनियरिंग टीमें पुल के एप्रोच रोड और अंतिम संरचनात्मक कार्यों को तेजी से पूरा कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि नया स्टील पुल सीमावर्ती क्षेत्र में आवागमन, राहत कार्यों और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण संपर्क को मजबूत करेगा।

By nanika