एमएसएमई क्षेत्र में बढ़ रही एआई की स्वीकार्यता; 57% व्यवसाय इसे मानते हैं विकास का मुख्य जरिया: वी बिजनेस स्टडी

‘वी बिजनेस एमएसएमई ग्रोथ इंसाइट्स स्टडी 2026’ के अनुसार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए एक प्रमुख विकास उत्प्रेरक के रूप में उभर रहा है। इसके तहत 57 प्रतिशत व्यवसायों ने एआई को विस्तार के लिए एक महत्वपूर्ण जरिया माना है और हर चार में से एक व्यवसाय पहले से ही अपने संचालन में एआई टूल्स का उपयोग कर रहा है। वी बिजनेस के ‘रेडीफॉरनेक्स्ट’ प्लेटफॉर्म के माध्यम से 16 क्षेत्रों के 2.5 लाख से अधिक एमएसएमई से मिले इनसाइट्स पर आधारित इस अध्ययन में यह भी बताया गया कि भारत का डिजिटल मैच्योरिटी इंडेक्स पिछले साल के 58.0 से सुधरकर 2026 में 60.8 हो गया है।

रिपोर्ट में पाया गया कि 46.3 प्रतिशत एमएसएमई ने बढ़ते डिजिटल खतरों से निपटने के लिए साइबर सुरक्षा समाधानों को अपनाया है। वहीं, महिला नेतृत्व वाले उद्यमों ने पुरुषों के नेतृत्व वाले व्यवसायों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन करते हुए 60.4 के मुकाबले 61.6 का डीएमआई स्कोर हासिल किया है। वी बिजनेस ने फंडिंग की तैयारी और व्यावसायिक मजबूती का मूल्यांकन करने के लिए डिजिटल कस्टमर, डिजिटल वर्कप्लेस और डिजिटल ऑपरेशंस के साथ चौथे मूल्यांकन स्तंभ के रूप में फाइनेंशियल रेडीनेस (वित्तीय तत्परता) को भी शामिल किया है। डिजिटल मैच्योरिटी के मामले में राज्यों की रैंकिंग में तेलंगाना और कर्नाटक शीर्ष पर रहे, जबकि आंध्र प्रदेश ने पहली बार शीर्ष 10 में प्रवेश किया। फाइनेंशियल सर्विसेज क्षेत्र भारत के सबसे परिपक्व डिजिटल क्षेत्र के रूप में उभरा, जो आईटी एंड आईटीईएस, ट्रांसपोर्टेशन, एनर्जी एंड यूटिलिटीज और टूरिज्म एंड हॉस्पिटलिटी से आगे है।

हालांकि देश के शीर्ष 10 डिजिटल रूप से परिपक्व एमएसएमई इकोसिस्टम में कोई भी पूर्वी राज्य शामिल नहीं हो सका, लेकिन ये निष्कर्ष गुवाहाटी और व्यापक पूर्वोत्तर के व्यवसायों के लिए महत्वपूर्ण अवसरों को उजागर करते हैं। जैसे-जैसे स्थानीय उद्यम तेजी से एआई, डिजिटल भुगतान, क्लाउड प्लेटफॉर्म और साइबर सुरक्षा समाधानों को अपना रहे हैं, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और वित्तीय संस्थानों से डिजिटल परिवर्तन को तेज करने तथा क्षेत्र के एमएसएमई क्षेत्र की प्रतिस्पर्धात्मकता में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद है।

By Business Bureau