बिहार के बेतिया में हथियारबंद बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े सेनको गोल्ड एंड डायमंड्स शोरूम में बुधवार को बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। तीन बाइक पर सवार आठ हथियारबंद बदमाश शोरूम में घुसे और हथियार के बल पर शोरूम के कर्मचारियों को बंधक बनाकर सोने और डायमंड के आभूषण बैग में भरकर फरार हो गए। घटना कालीबाग थाना क्षेत्र के सप्रिया रोड स्थित शो रूम की है। अपराधी शोरूम में करीब 20 मिनट तक रहे ओर आसपास के दुकानदारों को इसकी भनक नहीं लगी। घटना की सूचना पर डीआईजी हरकिशोर राय, एसएसपी कुमार गौतम, सदर वन एसडीपीओ अजीत कुमार करीब आधे दर्जन थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया। डीआईजी और एसएसपी ने करीब तीन घंटे तक शोरूम में जांच और कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से अपराधियों की पहचान की कोशिश कर रही है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे पश्चिम चंपारण जिले में नाकेबंदी कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस को अपराधियों की एक बाइक का नंबर मिलने की बात कही जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस बाइक के नंबर का सत्यापन करा रही है। 30 से 40 करोड रुपये मूल्य के आभूषण लूट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, लूट के वास्तविक मूल्य का आकलन किया जा रहा है। इस मामले में दिनदहाड़े कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया रोड़ के व्यस्त एनएच किनारे स्थित गोल्ड शोरूम में हुई इस बड़ी वारदात से शहर में सनसनी फैल गई है। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश किस रास्ते से फरार हुए, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जिले के सभी पुलिस थानों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। वाहनों की जांच और तलाशी शुरू कर दी गई ताकि संदिग्धों पर कार्रवाई की जा सके। जानकारी मिली है कि बुधवार को दोपहर करीब 12:30 बजे तीन बाइक पर सवार होकर आठ अपराधी आए। दो बाइक पर तीन-तीन और एक बाइक पर दो अपराधी बैठे थे। आते ही सभी शोरूम में प्रवेश कर गए और हथियार के बल पर कर्मचारियों को बंधक बना लिया। उनके हाथ बांधकर मोबाइल फोन ले लिए। इस दौरान शोरूम के सुरक्षा गार्ड मन्नू चौबे के सिर पर प्रहार कर जख्मी कर दिए। शोरूम में मौजूद दो ग्राहकों का मोबाइल फर्श पर पटक फोड़ दिया। सीसीटीवी कैमरे और काउंटर में भी तोड़फोड़ किया। शोरूम में रखे आभूषणों को बैग में भरकर फरार हो गए। लूटेरों के भागने के बाद कर्मचारियों ने शोर मचाया तब लोगों को लूट की जानकारी हुई। घटना के समय शोरूम में करीब सात से आठ कर्मचारी और दो-तीन ग्राहक मौजूद थे। कर्मचारियों में चार-पांच महिला कर्मचारी थी। इस वारदात से ज्वेलरी कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया है।
बेतिया में दिनदहाड़े करीब 35 करोड़ की लूट, 8 हथियारबंद बदमाशों ने गोल्ड शोरूम को बनाया निशाना
