जक्कनपुर थाना क्षेत्र के मीठापुर पुरानी बस स्टैंड के पास एटीएम से कैश निकालने गए रेलवे के मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) सुमन कुमार को शातिर जालसाजों ने अपना शिकार बना लिया. बदमाशों ने धोखे से उनका एटीएम कार्ड बदलकर खाते से 1.24 लाख रुपये की अवैध निकासी कर ली. पीड़ित सुमन कुमार मूल रूप से खगड़िया जिले के अलौली के निवासी हैं. उन्होंने घटना के संबंध में जक्कनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि सुमन कुमार मीठापुर पुरानी बस स्टैंड स्थित एक एटीएम कियोस्क से पैसे निकालने पहुंचे थे. ट्रांजेक्शन के दौरान ही एक अज्ञात युवक मदद करने के बहाने केबिन के अंदर दाखिल हुआ और प्रक्रिया समझाने के नाम पर उनका कार्ड हाथ में ले लिया. शातिर ने पलक झपकते ही उनका असली कार्ड बदल दिया और वैसा ही दिखने वाला दूसरा निष्क्रिय कार्ड उन्हें थमा दिया. सुमन कुमार को तुरंत इस धोखाधड़ी का अहसास नहीं हुआ और वे कार्ड पर्स में रखकर चले गए. कुछ दिनों बाद जब उन्होंने कार्ड देखा और बैंक बैलेंस चेक किया, तब खाते से 1.24 लाख रुपये कटने की जानकारी हुई. इसके बाद उन्होंने बैंक खाते को ब्लॉक कराकर पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई.
मीठापुर और जक्कनपुर इलाके में सक्रिय इस जालसाज गिरोह ने परीक्षा देने आई एक छात्रा को भी अपना शिकार बनाया. चाणक्य नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के सामने स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के एटीएम में पैसा निकालने गई छात्रा अंजली कुमारी का एटीएम कार्ड बदलकर बदमाशों ने उसके खाते से 90 हजार रुपये उड़ा लिए.
अंजली परीक्षा देने पटना आई थी और जरूरत पड़ने पर 10 हजार रुपये निकालने एटीएम गई थी. कैश निकलने के बाद जैसे ही वह बाहर निकली, एक शातिर युवक ने उसे रोकते हुए कहा कि उसका ‘रेफरेंस आईडी क्लोज’ नहीं हुआ है और ट्रांजेक्शन अधूरा रह गया है. घबराकर छात्रा दोबारा एटीएम केबिन में गई और स्क्रीन पर रेफरेंस आईडी बंद करने का प्रयास करने लगी. इसी बीच पीछे खड़े युवक ने उसका एटीएम पिन देख लिया. फिर सहायता का नाटक करते हुए उसने छात्रा का कार्ड ले लिया और अपना कार्ड थमाकर नौ दो ग्यारह हो गया. कार्ड बदलने के कुछ ही देर बाद बदमाशों ने कंकड़बाग थाना क्षेत्र के आरएमएस कॉलोनी स्थित एटीएम बूथ से छात्रा के बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकाल लिए. मोबाइल पर मैसेज आने के बाद छात्रा के होश उड़ गए.
पीड़िता के बयान पर जक्कनपुर थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. छात्रा ने पुलिस को बताया कि इस गिरोह में चार युवक शामिल थे, जो एटीएम के आसपास योजनाबद्ध तरीके से घात लगाकर खड़े थे. जक्कनपुर पुलिस ने दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एटीएम बूथों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि अंतरजिला गिरोह के सदस्यों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके.
मीठापुर में एटीएम कार्ड बदलकर रेलवे चीफ टिकट इंस्पेक्टर के खाते से 1.24 लाख उड़ाए
