पश्चिम बंगाल सरकार ने औद्योगिक शहर आसनसोल और दुर्गापुर के बीच प्रस्तावित एरियल मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण की दिशा में पहला कदम बढ़ा दिया है। राज्य सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने का काम राइट्स को सौंपा है। इस बात की जानकारी शहरी विकास और नगर मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण के साथ हुई समीक्षा बैठक के बाद दी। इस मेट्रो कॉरिडोर का मुख्य उद्देश्य दोनों जुड़वां औद्योगिक और व्यावसायिक शहरों के बीच आवाजाही को सुगम बनाना, सड़क यातायात के दबाव को कम करना और यात्रियों को एक तेज़ व सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन विकल्प प्रदान करना है।
इसके साथ ही, क्षेत्र के समग्र विकास के लिए राज्य सरकार कुछ अन्य महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही है। मंत्री ने बताया कि दामोदर नदी पर एक नए पुल के निर्माण की संभावना तलाशने और उसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने की जिम्मेदारी भी राइट्स को ही दी गई है, जिसके लिए सर्वेक्षण कार्य काफी हद तक पूरा हो चुका है। इसके अलावा, आसनसोल-दुर्गापुर बेल्ट में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और माल ढुलाई को आसान बनाने के उद्देश्य से एक लॉजिस्टिक्स हब विकसित करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।
