पश्चिम बंगाल के चार नगर निगमों में मतदान शुरू, हमले की भी शुरुआत

114

पश्चिम बंगाल के विधाननगर, चंदननगर, सिलीगुड़ी और आसनसोल नगर निगम में मतदान शनिवार सुबह 7:00 बजे से शुरू हो गए हैं। इसके साथ ही हमले का आरोप प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। मतदान शुरू होते ही विधान नगर निगम के वार्ड नंबर 26 में भाजपा उम्मीदवार साधना टाली के घर हमले के आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर लगे हैं। आरोप है कि शुक्रवार रात के समय भी दो बार उनके घर हमले किए गए। उन्होंने चुनाव आयोग के पास शिकायत की है।

दूसरी ओर आसनसोल में भारतीय जनता पार्टी के 22 नंबर वार्ड से उम्मीदवार कार्तिक चंद्र दास और 20 नंबर से उम्मीदवार प्रसनजीत मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। यहां के होटलों में बाहरी लोगों को तृणमूल कांग्रेस द्वारा एकत्रित किए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान इन्हें आसनसोल उत्तर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया था लेकिन चुनाव आयोग के हस्तक्षेप के बाद उन्हें शनिवार सुबह छोड़ दिया गया है। चुनाव आयोग के सूत्रों ने बताया है कि चारों नगर निगमों में सुरक्षा के लिए नौ हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

इनमें से 8.5 हजार पुलिसकर्मी चुनावी ड्यूटी में लगे हैं जबकि 500 पुलिसकर्मियों को नाका चेकिंग के लिए लगाया गया है। अलग-अलग नगर निगम का प्रभार अलग-अलग आईपीएस अधिकारियों को सौंपा गया है। विधाननगर निगम का दायित्व आईपीएस ज्ञानवंत सिंह को दिया गया है जबकि सिलीगुड़ी में आईजी उत्तर बंगाल डीपी सिंह प्रभारी हैं। आसनसोल के लिए पश्चिमांचल रेंज के एडीजी संजय सिंह और बांकुड़ा रेंज के आईजी सुनील चौधरी को चंदन नगर निगम में सुरक्षा का दायित्व सौंपा गया है।