मुजफ्फरपुर में हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर में पुलिस ने 2 अपराधियों को हथियार-कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी कटरा थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के फिराक में हैं। जिसके बाद पुलिस ने कटरा थाना के जजुआर ओपी क्षेत्र अंतर्गत पहसौल-जजुआर सड़क पर नाकेबंदी की और वाहन जांच शुरू किया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके पास से एक पिस्टल और तीन कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उनकी बाइक भी जब्त कर ली। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान विक्रम पासवान उर्फ टीपू पासवान और सोनू कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ और आपराधिक इतिहास खंगालने पर पता चला कि दोनों पेशेवर अपराधी हैं। इनके खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 8 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
SDPO पूर्वी अलय वत्स ने बताया कि मुजफ्फरपुर को अपराध मुक्त बनाने के लिए SSP कांतेश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लगातार वाहन चेकिंग, संदिग्धों की निगरानी और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

यह कार्रवाई चाहे पेशेवर अपराधियों के खिलाफ हो या फिर शराब माफियाओं के खिलाफ, पुलिस हर मोर्चे पर मुस्तैद है। जजुआर ओपी पुलिस की इस त्वरित और सफल कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के अन्य सहयोगियों के बारे में पता लगा रही है।

By Paromita