गले में दर्द अगर बार-बार लौटकर आ रहा है, तो इसके पीछे सिर्फ मौसम नहीं बल्कि कई अन्य कारक जिम्मेदार हो सकते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि सर्दी के मौसम में गले में खराश होना आम बात है, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार परेशान करे तो इसे इग्नोर न करें क्योंकि इसके पीछे वायरस, एलर्जी, प्रदूषण, धूम्रपान, एसिड रिफ्लक्स या बैक्टीरियल संक्रमण जैसी वजहें हो सकती हैं। इसके साथ ही जरूरत से ज्यादा बोलने, शरीर में पानी की कमी और सोते समय मुंह से सांस लेने की आदत भी बार-बार गले में दर्द का कारण बन सकती है, इसलिए इसके कारणों को समझकर सही इलाज करना जरूरी है। अगर आपका गला बार-बार खराब हो रहा है, तो हर बार दवा खाने के बजाय घर पर ही कुछ आसान तरीके अपनाकर काफी हद तक राहत पाई जा सकती है। इसके लिए डॉक्टर गुनगुने पानी में आधा चम्मच नमक मिलाकर दिन में कई बार गरारे करने की सलाह देते हैं, जिससे गले की खराश और जलन कम होती है, बस ध्यान रहे कि इस पानी को निगलना नहीं चाहिए। गले में खराश या दर्द होने पर आप गर्म ड्रिंक जैसे गर्म पानी, सूप और बिना कैफीन वाली चाय पी सकते हैं, जिससे गले की नमी बनी रहती है और जलन कम महसूस होती है। इसके अलावा गले की खराश और खांसी से राहत पाने के लिए 1 से 2 चम्मच शहद का सेवन भी बहुत फायदेमंद साबित होता है, हालांकि एक साल से कम उम्र के बच्चों को शहद बिल्कुल नहीं देना चाहिए क्योंकि इससे उन्हें नुकसान हो सकता है। गले की खराबी के पीछे शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन भी एक मुख्य वजह हो सकती है, इसलिए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं क्योंकि पानी गले को सूखने से बचाता है और परेशानी को कम करता है।
गले की खराश से बार-बार होते हैं परेशान? डॉक्टर के इन असरदार नुस्खों से पाएं राहत
