पुराने होटल डोनी पोलो अशोक का हुआ आधुनिक गेस्ट हाउस में रूपांतरण

अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शुक्रवार को ईटानगर में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पुनर्विकसित स्टेट गेस्ट हाउस-II का उद्घाटन किया। यह परियोजना ईटानगर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (ISCDCL) द्वारा पूरी की गई है। वर्ष 1982 में स्थापित पूर्व होटल डोनी पोलो अशोक को आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्टेट गेस्ट हाउस में परिवर्तित किया गया है।

नवनिर्मित गेस्ट हाउस में 15 पूर्णतः सुसज्जित वातानुकूलित कमरे, 35 लोगों की क्षमता वाला सम्मेलन कक्ष, कर्मचारियों एवं चालकों के लिए जी+1 आवास, 250 केवीए का पावर बैकअप, 40 चारपहिया वाहनों के लिए पार्किंग, सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष तथा 40,000 लीटर क्षमता का जल भंडारण सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं।

मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि यह नया गेस्ट हाउस राज्य की आतिथ्य सेवाओं को मजबूत करेगा और सरकारी अतिथियों तथा अन्य आगंतुकों को बेहतर आवास सुविधा उपलब्ध कराएगा। शहरी विकास मंत्री बालो राजा ने कहा कि यह परियोजना इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण है कि एक बंद पड़ी सार्वजनिक संपत्ति को स्मार्ट सिटी मिशन के माध्यम से विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे में बदला जा सकता है।

आईएससीडीसीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी दाहे संग्नो ने बताया कि परियोजना का उद्देश्य पुराने होटल की उपयोगिता को बनाए रखते हुए उसे आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेट गेस्ट हाउस-II में बदलना था। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में निर्माण सामग्री की सीमित उपलब्धता के कारण कुछ स्मार्ट सिटी परियोजनाओं में देरी हुई है, हालांकि सभी परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है।

By nanika