टाटा मोटर्स ने बिलियनई मोबिलिटी को सौंपी इलेक्ट्रिक प्राइमा E.55S की पहली खेप

भारत की सबसे बड़ी कमर्शियल वाहन निर्माता कंपनी, टाटा मोटर्स ने आज बिलियनई मोबिलिटी को ‘प्राइमा E.55S’ इलेक्ट्रिक प्राइम मूवर्स की डिलीवरी शुरू कर दी है। इसके साथ ही, कंपनी ने 250 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक प्राइम मूवर्स का ऑर्डर मिलने की भी घोषणा की है, जो भारी माल ढुलाई के क्षेत्र में ‘शून्य उत्सर्जन’ वाले ट्रकों की बढ़ती मांग को दर्शाता है। इन ट्रकों की डिलीवरी चरणबद्ध तरीके से की जाएगी और इन्हें गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र, दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा के प्रमुख फ्रेट कॉरिडोर्स (माल ढुलाई मार्गों) पर तैनात किया जाएगा। इससे स्टील, सीमेंट और अन्य औद्योगिक सामानों की लंबी दूरी की आवाजाही में मदद मिलेगी।

ट्रकों की पहली खेप को टाटा मोटर्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक और सीईओ श्री गिरीश वाघ, बिलियनई मोबिलिटी और चार्जज़ोन के संस्थापक श्री कार्तिकेय हरियाणी, और टाटा मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट व बिजनेस हेड (ट्रक्स) श्री राजेश कौल की उपस्थिति में सौंपा गया। इस मौके पर दोनों संगठनों की वरिष्ठ नेतृत्व टीमें भी मौजूद थीं।

ई-ट्रक्स प्राप्त करते हुए बिलियनई और चार्जज़ोन के संस्थापक श्री कार्तिकेय हरियाणी और बिलियनई मोबिलिटी के सीईओ श्री संजीव कुलकर्णी ने कहा, “बिलियन इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में हमारा फोकस ऐसे इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों पर है जिनका उपयोग शहरों के बीच के रूट्स पर भारी माल ढुलाई के लिए भरोसेमंद तरीके से किया जा सके। हम टाटा मोटर्स के साथ एक रणनीतिक साझेदारी कर रहे हैं और हमारा लक्ष्य अगले 6 से 18 महीनों में भारत में हैवी-ड्यूटी लॉजिस्टिक्स के लिए 1,500 इकाइयां है। हम हर महीने योजनाबद्ध तरीके से ट्रकों की तैनाती को तेज़ करना चाहते हैं। टाटा प्राइमा E.55S बेहतरीन प्रदर्शन, विश्वसनीयता और परिचालन क्षमता प्रदान करता है। हमें खुशी है कि हम अपनी लंबी दूरी की लॉजिस्टिक्स क्षमता बढ़ाने के लिए प्राइमा E.55S को शामिल कर रहे हैं, जिसमें अपनी श्रेणी की सबसे बड़ी 450 kWh की बैटरी दी गई है।”

टाटा मोटर्स लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट और बिजनेस हेड (ट्रक्स), श्री राजेश कौल ने कहा, “इलेक्ट्रिक ट्रकिंग तभी सफल होती है, जब गाड़ियाँ असल ऑपरेटिंग स्थितियों—ड्यूटी साइकल, अपटाइम, एनर्जी एफ़िशिएंसी और कुल मालिकाना लागत—को ध्यान में रखकर बनाई जाती हैं। इसी एप्लिकेशन-आधारित सोच के साथ विकसित, Prima E.55S में भारत का पहला हाई-परफ़ॉर्मेंस ई-एक्सल, एक एडवांस्ड बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम और दो चार्जिंग पोर्ट्स दिए गए हैं। इसे एक बेहतरीन 450 kWh बैटरी पैक का भी साथ मिला है, जिसे लंबी दूरी तय करने और मुश्किल ड्यूटी साइकल के लिए डिज़ाइन किया गया है। ये टेक्नोलॉजीज़ मिलकर ज़बरदस्त परफ़ॉर्मेंस, ज़्यादा अपटाइम और कम ऑपरेटिंग लागत देती हैं, जिससे ग्राहक अपनी लागत की भरपाई तेज़ी से कर पाते हैं। BillionE Mobility के साथ हमारे गहरे सहयोग ने यह पक्का किया है कि गाड़ी और उसे सपोर्ट करने वाले पूरे इकोसिस्टम के बीच तालमेल बना रहे, जिससे माल ढुलाई के मुख्य रास्तों पर भरोसेमंद इलेक्ट्रिक ऑपरेशन संभव हो सकें।”

By Business Bureau