चुनाव के ‘ड्राई डे’ का फायदा उठाकर शराब की कालाबाजारी की कोशिश, लाखों के स्टॉक के साथ एक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित ‘ड्राई डे’ का लाभ उठाकर शराब की कालाबाजारी करने की एक बड़ी साजिश को सिलीगुड़ी की प्रधान नगर थाना पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने लाखों रुपये मूल्य की अवैध शराब के साथ आयुष कहार नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गौरतलब है कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, आज यानी 27 अप्रैल से 29 अप्रैल तक क्षेत्र की सभी शराब की दुकानें बंद रखने का आदेश दिया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष ने इसी समय का फायदा उठाने के लिए भारी मात्रा में शराब खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचने (कालाबाजारी) के उद्देश्य से जमा कर रखा था।

गुप्त सूचना पर छापेमारी:

रविवार देर रात पुलिस को गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली थी कि धरम नगर स्थित आयुष के घर में बड़ी मात्रा में शराब का अवैध भंडार छिपाया गया है। सूचना मिलते ही प्रधान नगर थाना पुलिस ने उक्त घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों की शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है।

अदालत में पेशी:

पुलिस ने अवैध भंडारण और तस्करी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आयुष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस कालाबाजारी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी को आज सोमवार को सिलीगुड़ी अनुमंडल न्यायालय में पेश किया जाएगा।

By Sonakshi Sarkar