स्पॉटिफाई ने भारत में प्रीमियम यूजर्स के लिए लॉन्च किया पर्सनलाइज्ड रनिंग मोड, दौड़ने की गति के अनुसार मिलेगा संगीत

स्पॉटिफाई ने सोमवार को भारत में अपना नया ‘रनिंग मोड’ फीचर लॉन्च किया है। इसके जरिए प्रीमियम स्टैंडर्ड और प्लेटिनम प्लान का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को उनकी दौड़ने की गति, वर्कआउट के लक्ष्य और संगीत की पसंद के अनुसार व्यक्तिगत म्यूजिक अनुभव मिलेगा। यह सुविधा आईओएस और एंड्रॉयड दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसका उद्देश्य यूजर्स की फिटनेस जरूरतों के अनुरूप कस्टमाइज्ड म्यूजिक प्लेलिस्ट तैयार करना है।

वैश्विक स्तर पर जुलाई में लॉन्च किए गए इस फीचर को लाखों श्रोताओं ने अपनाया है। अब इसका विस्तार 11 नए बाजारों में किया जा रहा है, जिससे इसकी वैश्विक पहुंच दोगुने से भी अधिक हो जाएगी। यूजर्स स्पॉटिफाई ऐप के फिटनेस हब के माध्यम से या सर्च में रनिंग मोड लिखकर इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें वे वर्कआउट का प्रकार, अवधि, संगीत की पसंद, दौड़ने की गति के अनुसार टेम्पो मैचिंग और वैकल्पिक अंग्रेजी ऑडियो गाइडेंस का चयन कर सकते हैं।

स्पॉटिफाई के अनुसार, दुनियाभर में रनिंग मोड के लगभग हर तीन में से एक सेशन में कस्टमाइज्ड प्लेलिस्ट का इस्तेमाल किया जाता है, जबकि एक चौथाई से अधिक सेशन कम से कम 30 मिनट तक चलते हैं। मंगलवार की शाम, विशेष रूप से शाम 5 बजे से 7 बजे के बीच, इस फीचर के इस्तेमाल का सबसे लोकप्रिय समय है।

स्पॉटिफाई इंडिया की हेड ऑफ मार्केटिंग शिप्रा श्रीवास्तव ने बताया कि भारत में रनिंग से संबंधित सर्च में सालाना आधार पर 56 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि रनिंग प्लेलिस्ट सुनने वाले श्रोताओं की संख्या में 67 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

कोलकाता में भी रनिंग और आउटडोर वर्कआउट जैसी फिटनेस गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि के बीच यह लॉन्च महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह फीचर व्यक्तिगत डिजिटल फिटनेस अनुभव की तलाश करने वाले शहरी फिटनेस प्रेमियों के बीच स्पॉटिफाई की लोकप्रियता बढ़ाने में मदद कर सकता है।

By Business Bureau