इंद्रिया ने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित 22 कैरेट सोने का ब्राइडल कलेक्शन किया लॉन्च

आदित्य बिड़ला ग्रुप के ज्वेलरी ब्रांड इंद्रिया ने बंगाल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, शादी की परंपराओं और प्राकृतिक सुंदरता से प्रेरित अपना नया 22 कैरेट सोने का ब्राइडल कलेक्शन ‘शोनामयी’ लॉन्च किया है। इस कलेक्शन में गंगा और सुंदरवन सहित बंगाल की प्राकृतिक और सांस्कृतिक पहचान को आभूषणों के डिजाइन में खूबसूरती से दर्शाया गया है।

इस कलेक्शन में दो खास आभूषण शामिल हैं, जिनमें शुभमिलन गोल्ड चोकर और शुभदृष्टि गोल्ड लॉन्ग नेकलेस प्रमुख हैं। चोकर का डिजाइन सुंदरवन, मैंग्रोव की जड़ों, सुंदरी फूलों और बंगाल की पारंपरिक कलात्मक आकृतियों से प्रेरित है। इसमें कलश, इलिश मछली और छोटी नाव जैसे पारंपरिक प्रतीकों को शामिल किया गया है। ये प्रतीक नवविवाहित जोड़े की नई जीवन यात्रा का संदेश देते हैं।

वहीं, शुभदृष्टि गोल्ड लॉन्ग नेकलेस का डिजाइन बंगाली विवाह की शुभ दृष्टि रस्म से प्रेरित है। इसमें मुकुट के आकार, अल्पना की पारंपरिक आकृतियां, सुंदरी फूल, हाथी और मोर के डिजाइन के साथ बारीक रेजी कारीगरी को शामिल किया गया है। इन डिजाइनों के माध्यम से बंगाल की विवाह परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक आभूषणों के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

इंद्रिया के सीईओ संदीप कोहली ने कहा कि यह कलेक्शन क्षेत्रीय पहचान, पारंपरिक कारीगरी और आधुनिक दुल्हनों की पसंद के प्रति ब्रांड की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। कंपनी के मार्केटिंग और डिजाइन प्रमुख शांतिस्वरूप पांडा और अभिषेक रस्तोगी ने भी इस कलेक्शन में बंगाली विवाह की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से प्रेरित डिजाइनों पर विशेष जोर दिया।

पश्चिम बंगाल में पारंपरिक सोने के ब्राइडल आभूषणों की अच्छी मांग रही है। यहां शादी के आभूषणों की खरीदारी में सांस्कृतिक प्रतीकों, सोने की शुद्धता और कारीगरी को विशेष महत्व दिया जाता है। ऐसे में इंद्रिया का यह नया कलेक्शन क्षेत्रीय पहचान और आधुनिक डिजाइन के मेल के जरिए ब्राइडल ज्वेलरी बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक कदम माना जा रहा है।

जुलाई 2024 में लॉन्च हुआ इंद्रिया ब्रांड शादी और अन्य विशेष अवसरों के लिए सोने, हीरे और कीमती रत्नों से बने आभूषणों की विस्तृत श्रृंखला पेश करता है।

By Business Bureau