सिलीगोड़ी: 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ‘रन फॉर योग’ मैराथन का आयोजन, सात दिवसीय कार्यक्रमों की धूम

12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में सिलीगुड़ी नगर निगम (SMC) के तत्वावधान में आज “रन फॉर योग” (Run for Yoga) मैराथन का सफल आयोजन किया गया। आगामी 21 जून को दुनिया भर में मनाए जाने वाले विश्व योग दिवस को लेकर पूरे सिलीगुड़ी शहर में उत्सव का माहौल देखा जा रहा है। इस विशेष अवसर पर सरकारी पहल के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में सात दिवसीय योग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां पूरे जोर-शोर पर हैं।

सरकार के दिशा-निर्देश और सिलीगुड़ी नगर निगम के संयोजन में आयोजित हो रहे इस पूरे अभियान की मुख्य जिम्मेदारी ‘इंडियन रजिस्टर्ड योग एंड नेचुरोपैथी एसोसिएशन’ के सचिव व प्रसिद्ध योग प्रशिक्षक शिव हाजरा संभाल रहे हैं।आज (शुक्रवार) सुबह सिलीगुड़ी के सेवक मोड़ से “रन फॉर योग” मैराथन दौड़ की शुरुआत हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए बाघाजतीन पार्क में जाकर संपन्न हुई। मैराथन के बाद पार्क में सामूहिक ध्यान व योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें 8 साल के बच्चों से लेकर 80 साल के बुजुर्गों तक, लगभग 200 से अधिक लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया।

योग प्रशिक्षक शिव हाजरा ने इस मौके पर कहा, “योग की शुरुआत मातृगर्भ से ही हो जाती है और यह जीवन के अंतिम क्षण तक चलती है। योग मानव जीवन का एक अविभाज्य अंग है। स्वस्थ और निरोग रहने के लिए हर व्यक्ति को योग अपनाना चाहिए, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने आम जनता को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की इस सरकारी मुहिम की सराहना की।

By Sonakshi Sarkar