सिलीगुड़ी: कंचनजंगा एक्सप्रेस में संयुक्त छापेमारी, भारी मात्रा में कफ सिरप के साथ त्रिपुरा के दो तस्कर गिरफ्तार 

गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए एक विशेष मादक पदार्थ रोधी अभियान में न्यू जलपाईगुड़ी जीआरपी (GRP) और सिलीगुड़ी मुख्यालय की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। दोनों टीमों ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान अप कंचनजंगा एक्सप्रेस के जनरल कोच में छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया है। इस मामले में त्रिपुरा के दो निवासियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, खुफिया जानकारी के आधार पर न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर खड़ी अप कंचनजंगा एक्सप्रेस में तलाशी अभियान चलाया गया।

जनरल बोगी में जांच के दौरान पुलिस ने दो संदिग्ध यात्रियों को हिरासत में लिया।बैगों में छिपाकर रखी गई थी 159 बोतल कफ सिरपगिरफ्तार तस्करों की पहचान मोहम्मद सोसाज और नाहिमुद्दीन के रूप में हुई है, जो त्रिपुरा के रहने वाले हैं। पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक पूछताछ और सामान की सघन तलाशी के दौरान उनके पास मौजूद दो ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू (बैकपैक) बैग के अंदर कार्टन में छिपाकर रखी गई 159 बोतलें कफ सिरप बरामद की गईं।जांच में पुलिस को पता चला है कि आरोपी कोलकाता से अप कंचनजंगा एक्सप्रेस में सवार होकर कफ सिरप की इस खेप को त्रिपुरा ले जाने की फिराक में थे।

जब्त किए गए कफ सिरप की अनुमानित बाजार कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है।एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्जजीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) कानून की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को शनिवार को जलपाईगुड़ी अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि इस अंतरराज्यीय तस्कर नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों का भी सुराग लगाया जा सके।

By Sonakshi Sarkar