प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा से फोन पर बातचीत कर राज्य में बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की और राहत, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण कार्यों के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री ने राज्य में बाढ़ से हुए नुकसान, राहत कार्यों की प्रगति और जमीनी स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने यह भी जानना चाहा कि प्रभावित लोगों तक सहायता किस प्रकार पहुँचाई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित सभी परिवारों तक राहत सामग्री, आवश्यक सहायता और अन्य सुविधाएँ पहुँचाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं ताकि प्रभावित लोगों को शीघ्र सहायता मिल सके।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बाढ़ में जान-माल के नुकसान पर गहरा शोक व्यक्त किया और प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस आपदा को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ देख रही है और राहत, पुनर्वास तथा पुनर्निर्माण कार्यों में असम सरकार को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रधानमंत्री के निरंतर सहयोग और आश्वासन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति को जल्द सामान्य बनाया जा सकेगा।
