पीपीएफएएस अल्टरनेट एसेट मैनेजर्स आईएफएससी प्राइवेट लिमिटेड (पीपीएफएएस गिफ्ट) ने अपने दो आउटबाउंड पैसिव फंड्स में न्यूनतम प्रारंभिक निवेश में कटौती की घोषणा की है। पराग पारिख आईएफएससी एसएंडपी 500 फंड ऑफ फंड और पराग पारिख आईएफएससी नैस्डैक 100 फंड ऑफ फंड में अब न्यूनतम 500 अमेरिकी डॉलर का निवेश किया जा सकेगा, जो पहले 5,000 अमेरिकी डॉलर था। यह बदलाव आज से प्रभावी हो गया है।
इसका उद्देश्य पात्र भारतीय निवेशकों के लिए वैश्विक बाजारों में निवेश को आसान बनाना और उन्हें अपने पोर्टफोलियो में अंतरराष्ट्रीय विविधता लाने का अवसर देना है। न्यूनतम निवेश सीमा घटने से अब अधिकांश खुदरा निवेशक कम न्यूनतम सीमा के साथ वैश्विक इंडेक्स आधारित फंड्स में निवेश कर सकेंगे।
पीपीएफएएस की हेड – बिजनेस डेवलपमेंट (अल्टरनेटिव्स) हेमा ठक्कर ने कहा, “आउटबाउंड पैसिव फंड्स शुरू करने का उद्देश्य निवेशकों को गिफ्ट सिटी के जरिए वैश्विक बाजारों में निवेश का सरल और पारदर्शी विकल्प देना था। न्यूनतम निवेश राशि 5,000 डॉलर से घटाकर 500 डॉलर करना इसी दिशा में अगला कदम है। हमारा मानना है कि वैश्विक स्तर पर निवेश में विविधता का अवसर केवल विशाल पूँजी वाले निवेशकों तक सीमित नहीं होना चाहिए। इस बदलाव से अधिक पात्र निवेशक कम राशि से अंतरराष्ट्रीय बाजारों में निवेश शुरू कर सकेंगे और इंडेक्स आधारित सरल निवेश रणनीतियों का लाभ उठा सकेंगे।”
पराग पारिख आईएफएससी एसएंडपी 500 फंड ऑफ फंड अमेरिका की 500 शीर्ष पंजीकृत सूचीबद्ध कंपनियों वाले एसएंडपी 500 इंडेक्स में निवेश का अवसर देता है। यह अमेरिकी लार्ज-कैप बाजार के व्यापक हिस्से को कवर करता है। वहीं, पराग पारिख आईएफएससी नैस्डैक 100 फंड ऑफ फंड नैस्डैक स्टॉक मार्केट में सूचीबद्ध 100 सबसे बड़ी गैर-वित्तीय कंपनियों वाले इस इंडेक्स में निवेश करता है, जिसमें तकनीक, संचार और उपभोक्ता क्षेत्र की कंपनियों का प्रमुख प्रतिनिधित्व है।
दोनों फंड अपने-अपने इंडेक्स से जुड़े ईटीएफ और यूसीआईटीएस में निवेश करते हैं। इनका उद्देश्य निवेशकों को विदेशी ब्रोकरेज खाता खोले बिना वैश्विक शेयर बाजारों में निवेश का अवसर देना है। ये फंड अमेरिकी डॉलर में संचालित होते हैं और इनमें न तो लॉक-इन अवधि है और न ही एग्जिट लोड।
