एक्सपायर्ड (समय सीमा समाप्त) बेबी फूड, दवाइयों और अन्य सामग्रियों की बिक्री की शिकायत पर गुरुवार को एनजेपी थाना क्षेत्र के गेटबाजार इलाके में प्रशासन ने संयुक्त छापेमारी की। इस कार्रवाई में एनजेपी थाना पुलिस के अलावा कृषि विभाग, खाद्य विभाग और एडी (AD) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, एक सतर्क ग्राहक जब दुकान पर बेबी फूड खरीदने गया, तो उसने पाया कि पैकेट की एक्सपायरी डेट निकल चुकी है। इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दी गई, जिसके बाद टीम ने संबंधित दुकान पर अचानक दबिश दी। जांच के दौरान दुकान से भारी मात्रा में एक्सपायर्ड बेबी फूड, दवाइयां और अन्य उत्पाद बरामद किए गए। इसके बाद गेटबाजार क्षेत्र की कई अन्य दुकानों में भी सामान की वैधता और गुणवत्ता की जांच की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच पूरी होने तक संबंधित दुकान को बंद रखने का फैसला किया गया है। इस संबंध में एसीपी अभिताग्नी चक्रवर्ती ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने तक दुकान बंद रहेगी और प्रशासनिक रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
