सरदार पटेल जयंती: PM बोले- भारत आज किसी भी आंतरिक या बाहरी चुनौती से निबटने में पूरी तरह से सक्षम

125

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्टैचू ऑफ यूनिटी पर आयोजित एकता परेड को वीडियो संदेश के जरिए संबोधित किया| पीएम मोदी ने कहा, वल्लभभाई पटेल को आज देश अपनी श्रद्धांजली दे रहा है| सरदार पटेल सिर्फ इतिहास में नहीं रहते, बल्कि वे सभी भारतीयों के दिल में रहते हैं|

पीएम मोदी ने कहा, राष्ट्रीय एकता दिवस पर सभी देशवासियों को बहुत-बहुत शुभकामनाएं| एक भारत-श्रेष्ठ भारत के लिए जीवन का हर पल जिसने समर्पित किया, ऐसे राष्ट्र नायक सरदार वल्लभभाई पटेल को आज देश अपनी श्रद्धांजली दे रहा है|

मोदी ने कहा, आजादी का यह अमृत काल विकास की गति का है अद्भुत और सिद्धि को हासिल करने का है| यह सरदार साहब के भारत के नवनिर्माण का है| सरदार साहब हमारे देश को एक शरीर के रूप में देखते थे| एक जीवंत इकाई के रूप में देखते थे| इसलिए उनकी एक भारत का मतलब यह भी था, जिसमें हर किसी के लिए एक समान अवसर हो, एक समान सपने देखने का अधिकार हो| 

उन्होंने कहा, आज से कई दशक पहले उस दौर में भी उनके आंदोलनों की ताकत यह होती थी कि उसमें महिला-पुरुष हर वर्ग, हर पंथ की सामूहिक उर्जा लगती थी| इसलिए आज जब हम एक भारत की बात करते हैं तो उस एक भारत का स्वरूप क्या होना चाहिए| उसे एक भारत का स्वरूप होना चाहिए| एक ऐसा भारत, जिसकी महिलाओं के पास एक से अनेक अवसर हो, एक ऐसा भारत जहां दलित, वंचित, आदिवासी, वनवासी देश का प्रत्येक नागरिक खुद को एक समान महसूस करें| एक ऐसा भारत जहां पर बिजली पानी जैसी सुविधाओं में भेदभाव नहीं, एक समान अधिकार हो यही तो आज देश कर रहा है|इसी दिशा में नित नए लक्ष्य तय कर रहा है और यह तब हो रहा है क्योंकि आज देश के हर संकल्प में सब का साथ जुड़ा हुआ है|

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत सिर्फ एक भौगोलिक इकाई नहीं है बल्कि आदर्शों, संकल्पनाओं, सभ्यता, संस्कृति के उदार मानकों से परिपूर्ण राष्ट्र है। धरती के जिस भूभाग पर हम 130 करोड़ से अधिक भारतीय रहते हैं वो हमारी आत्मा, सपनों, आकांक्षाओं का अखंड हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हमें ये याद रखना है कि नाव में बैठे हर मुसाफिर को नाव का ध्यान रखना ही होता है। हम एक रहेंगे तभी आगे बढ़ पाएंगे, देश अपने लक्ष्यों को तभी प्राप्त कर पाएगा।