राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का 76वां जन्मदिन : उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने बधाई दी

337

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को 76 वर्ष के हो गए। उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोविंद के जन्मदिन पर उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबे जीवन की कामना की। एक अक्टूबर, 1945 को उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में परौंख गांव में कोविंद का जन्म हुआ था। उन्होंने 25 जुलाई, 2017 को देश के 14वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी।

साल 2006 तक वह दो बार संसद के ऊपरी सदन के सदस्य रहे| पेशे से वकील कोविंद ने दिल्ली हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में प्रैक्टिस भी की| कोविंद, पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के निजी सचिव भी रह चुके हैं| इसके साथ ही बीजेपी ने उन्हें अपना राष्ट्रीय प्रवक्ता भी नियुक्त किया था| कोविंद बीजेपी दलित मोर्चा के अध्यक्ष पद की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं| साथ ही वह ऑल इंडिया कोली समाज के अध्यक्ष रह चुके हैं|

उपराष्ट्रपति एम वेंकैया ने ट्वीट किया, ”माननीय राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। देश की सेवा में आपके स्वस्थ, सुदीर्घ यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर लिखा- जन सरोकारों के प्रति प्रतिबद्ध, भारत के प्रथम नागरिक माननीय राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द जी को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्ध व सुदीर्घ जीवन की प्रार्थना करता हूं|

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने कू अकाउंट पर लिखा- देश के सम्माननीय राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं| आप स्वस्थ और दीर्घायु रहें, ईश्वर से यही कामना करता हूं|

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री (Chief Minister Of Uttarakhand) पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) ने भी कू करते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं| उन्होंने कू पर लिखा- भारत के यशस्वी महामहिम राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं| भगवान बद्री – केदार जी से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ एवं प्रसन्न रहें और हम सबका मार्गदर्शन करते रहें|