दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। निर्वाचन आयोग 21 मई, गुरुवार को इस सीट पर मतदान कराएगा। इस उपचुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार सभी प्रत्याशी पुरुष हैं और कोई महिला उम्मीदवार चुनाव नहीं लड़ रही है।
निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, फलता विधानसभा क्षेत्र में कुल दो लाख 36 हजार 444 मतदाता हैं। इनमें एक लाख 21 हजार 300 पुरुष मतदाता और एक लाख 15 हजार 135 महिला मतदाता शामिल हैं, जबकि तृतीय लिंग के नौ मतदाता भी पंजीकृत हैं।
आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के चार हजार 343 नए मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके अलावा क्षेत्र में 100 वर्ष से अधिक आयु के 26 मतदाता हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक आयु के एक हजार 445 वरिष्ठ मतदाता भी मतदान सूची में शामिल हैं।
विशेष रूप से सक्षम मतदाताओं की संख्या दो हजार 109 बताई गई है। वहीं सेवा मतदाताओं की कुल संख्या 93 है, जिनमें 91 पुरुष और दो महिला मतदाता शामिल हैं।
मतदान प्रक्रिया के लिए निर्वाचन आयोग ने कुल 285 मतदान केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें 261 मुख्य मतदान केंद्र और 24 अतिरिक्त मतदान केंद्र शामिल हैं।
आयोग ने कहा है कि उपचुनाव को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
फलता विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां अंतिम चरण मे, 21 मई को होगा मतदान
