कुम्हारटोली में दुर्गा पूजा मूर्तियों की तैयारियां तेज: दिन-रात जुटे मूर्तिकार, जीवंत हो रहीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं

बस कुछ ही हफ्तों का इंतजार और! बंगाली समुदाय के सबसे बड़े और भव्य त्योहार दुर्गा पूजा को ध्यान में रखते हुए कोलकाता के ऐतिहासिक मूर्तिकला केंद्र कुम्हारटोली (Kumartuli) में इन दिनों मूर्तियां बनाने का काम जोरों पर चल रहा है। सुबह तड़के से लेकर देर रात तक मूर्तिकार और उनके कारीगर कड़ी मेहनत में जुटे हुए हैं।

बांस-पुआल (पुआल के ढांचे) तैयार करने, मिट्टी का लेप चढ़ाने, बारीक नक्काशी और रंगों की छटा बिखेरने की तैयारियों से पूरा कुम्हारटोली इलाका गुलजार है।मूर्तिकारों को उम्मीद है कि इस वर्ष भी देश-विदेश से बड़ी संख्या में पूजा आयोजक और श्रद्धालु प्रतिमाओं को देखने और ले जाने के लिए पहुंचेंगे। विभिन्न पूजा समितियों से मिले ऑर्डर के अनुसार तय समयसीमा के भीतर मूर्तियों का निर्माण पूरा करने के लक्ष्य के साथ कारीगर लगातार काम कर रहे हैं।

हर साल की तरह इस बार भी कुम्हारटोली के हुनरमंद कारीगरों की कलात्मक उंगलियों के जादू से पारंपरिक और थीम आधारित कई तरह की भव्य दुर्गा प्रतिमाएं आकार ले रही हैं। उत्सव के माहौल में कुम्हारटोली में अभी से रौनक बढ़ने लगी है, और यह व्यस्तता साफ बता रही है कि बंगाल का सबसे बड़ा लोक-उत्सव अब ज्यादा दूर नहीं है।

By Sonakshi Sarkar