मालदा में अवैध दवा गोदाम पर पुलिस की छापेमारी, करीब 40 लाख रुपये का सामान बरामद

पश्चिम बंगाल के पुराने मालदा इलाके में अवैध रूप से दर्द निवारक (पेंटकिलर) दवाइयों का स्टॉक करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गुरुवार देर रात पुराने मालदा के बेहूला ब्रिज के पास स्थित एक कूरियर सर्विस के गोदाम पर पुलिस ने अचानक छापा मारा, जहां से करीब 40 लाख रुपये मूल्य की दवाइयां और अन्य सामग्रियां जब्त की गईं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गोदाम में इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां रखने से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं किया जा सका। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, एक गुप्त सूचना के आधार पर मालदा थाने की पुलिस ने बालूघाट थाने की पुलिस के सहयोग से यह संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान मौके से साइन खान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जो कालियाचक इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।

बरामद की गई दवाइयों की वैधता क्या थी, उन्हें अवैध रूप से स्टोर करने का क्या उद्देश्य था और इस गैरकानूनी धंधे के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इन सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

By Sonakshi Sarkar