अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और श्रीलंका के तेज गेंदबाज आशिता फर्नांडो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। कोलंबो टेस्ट के पहले दिन मैदान पर हुई दोनों खिलाड़ियों की झड़प के बाद ICC ने उन पर 25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया है। इसके अलावा दोनों के खाते में एक-एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है।
दरअसल, टेस्ट मैच के पहले दिन आशिता फर्नांडो ने यशस्वी जायसवाल को बोल्ड कर दिया था। भारतीय बल्लेबाज के पवेलियन लौटने के दौरान फर्नांडो ने उन्हें कुछ कहा, जिसके बाद यशस्वी ने पलटकर श्रीलंकाई गेंदबाज से बहस शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच धक्का-मुक्की तक हो गई। इसके बाद श्रीलंकाई टीम के खिलाड़ियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया और स्थिति को शांत कराया।
ICC ने दोनों खिलाड़ियों को आचार संहिता के अनुच्छेद 2.12 के उल्लंघन का दोषी पाया। यह नियम खिलाड़ियों, प्लेयर सपोर्ट स्टाफ, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य व्यक्ति के साथ अनुचित शारीरिक संपर्क से संबंधित है।
इस उल्लंघन के चलते यशस्वी जायसवाल और आशिता फर्नांडो, दोनों पर उनकी मैच फीस का 25 फीसदी जुर्माना लगाया गया। साथ ही दोनों को एक-एक डिमेरिट अंक भी दिया गया। ICC के अनुसार, पिछले 24 महीनों में दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ इस तरह का कोई अन्य मामला दर्ज नहीं हुआ था।
ICC ने अपने बयान में बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने लगाए गए आरोपों और मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया है। इसी वजह से मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी।
