स्कूली छात्रों के हाथों हुआ नए रूप में भक्तिनगर ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन, सिलीगुड़ी को मिला शौचालय की सुविधा वाला पहला बूथ

सिलीगुड़ी शहर में यातायात नियंत्रण और ट्रैफिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए भक्तिनगर ट्रैफिक गार्ड के बूथ का आधुनिकीकरण किया गया है। गुरुवार को इंदिरा गांधी मैदान के पास शहीदनगर के विश्वनाथ सिंह मोड़ पर स्कूली बच्चों के हाथों इस नए रूप में सजे ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन किया गया।

इस उद्घाटन समारोह में डीसीपी ट्रैफिक काजी शमसुद्दीन अहमद, एसीपी ट्रैफिक सुबीर दत्त और भक्तिनगर ट्रैफिक गार्ड के ओसी अमर्त्य चक्रवर्ती सहित ट्रैफिक विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित पुलिस अधिकारियों का उत्तरियों और पुष्पगुच्छों से स्वागत किया गया। इसके बाद स्कूली बच्चों से फीता कटवाकर नए ट्रैफिक बूथ का औपचारिक शुभारंभ कराया गया।

ट्रैफिक विभाग के सूत्रों के अनुसार, इस नए और पुनर्निर्मित बूथ में दो कमरे और एक आधुनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। ट्रैफिक विभाग का दावा है कि सिलीगुड़ी शहर के ट्रैफिक बूथों में शौचालय की सुविधा वाला यह अपनी तरह का पहला बूथ है। इससे पुरुष कर्मियों के साथ-साथ महिला ट्रैफिक कर्मियों को भी विशेष रूप से राहत और सुविधा मिलेगी। ट्रैफिक विभाग को उम्मीद है कि इस नए बुनियादी ढांचे के तैयार होने से संबंधित क्षेत्र में ट्रैफिक जाम पर नियंत्रण पाने और सुचारू यातायात प्रबंधन में काफी मदद मिलेगी।

By Sonakshi Sarkar