सिलीगुड़ी के पोखाइजोट इलाके में चाउमीन कारखाने में लगी भीषण आग, दमकल की 3 गाड़ियां मौके पर मौजूद

सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 46 के अंतर्गत चंपासारी के पोखाइजोट इलाके में गुरुवार तड़के एक चाउमीन कारखाने में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे कारखाने से धुआं निकलता हुआ देखा गया, जिसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

खबर मिलते ही दमकल विभाग की 3 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के काम में जुट गईं। आग बुझाने के इस अभियान में दमकल कर्मियों के साथ प्रधाननगर थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।सूत्रों के मुताबिक, कारखाने के अंदर चाउमीन बनाने की सामग्री, प्लास्टिक और अन्य अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थ रखे होने के कारण आग पर पूरी तरह काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दमकल विभाग का कहना है कि आग की लपटों को नियंत्रित कर लिया गया है, लेकिन अंदर मौजूद सामानों में सुलग रही आग और धुएं के कारण स्थिति को पूरी तरह सामान्य होने में अभी कुछ और समय लग सकता है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया, जिससे स्थानीय निवासियों के बीच गहरी चिंता और डर का माहौल बन गया है। हालांकि, अभी तक आग लगने के असली कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और न ही शुरुआती तौर पर नुकसान के सटीक आकलन का पता चल सका है। इस संबंध में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

By Sonakshi Sarkar