टीम इंडिया में नई एंट्री! जानिए कौन हैं Saransh Jain, जिन्हें श्रीलंका दौरे के लिए मिला मौका

शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम अगले महीने श्रीलंका दौरे पर जाएगी, जहां दोनों देशों के बीच 15 अगस्त से दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी। इस सीरीज के लिए बीसीसीआई ने 28 जुलाई को 15 सदस्यीय भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। टीम में एक नया चेहरा सारांश जैन का है, जिन्हें वाशिंग्टन सुंदर की अनुपलब्धता के चलते मौका मिला है।

कौन हैं सारांश जैन?

मध्य प्रदेश के इंदौर से आने वाले सारांश जैन घरेलू क्रिकेट के अनुभवी ऑलराउंडरों में गिने जाते हैं। वह ऑफ स्पिन गेंदबाजी के साथ निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी करते हैं। खासतौर पर उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट का विशेषज्ञ माना जाता है और उनके फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड भी इसकी पुष्टि करते हैं.

सारांश ने अब तक 54 फर्स्ट क्लास मैचों की 97 पारियों में 188 विकेट हासिल किए हैं। वहीं, 85 पारियों में 31 की औसत से 2,223 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा लिस्ट-ए क्रिकेट में उनके नाम 38 विकेट और टी20 क्रिकेट में 18 विकेट दर्ज हैं।

आईपीएल की चमक-दमक से दूर रहकर घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाले सारांश को 33 साल की उम्र में पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है। अब सभी की नजर इस बात पर होगी कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने इस मौके को कैसे भुनाते हैं।

वाशिंग्टन सुंदर की कमी पूरी करेंगे

श्रीलंका की स्पिन-अनुकूल पिचों को ध्यान में रखते हुए चयनकर्ताओं ने टीम में चार स्पिन गेंदबाजों को शामिल किया है। रविंद्र जडेजा की वापसी हुई है, जबकि मानव सुथार भी टीम का हिस्सा हैं। कुलदीप यादव रिस्ट स्पिनर की भूमिका निभाएंगे।

वाशिंग्टन सुंदर चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे, ऐसे में टीम को एक ऑफ स्पिनर की जरूरत थी। इसी वजह से सारांश जैन को स्क्वॉड में शामिल किया गया है और उनसे सुंदर की भूमिका निभाने की उम्मीद की जा रही है।

IND vs SL टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, जसप्रीत बुमराह*, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल और सारांश जैन।

By sunny