प्राइम वीडियो की पॉपुलर सीरीज ‘मिर्जापुर’ पर आधारित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन MGM स्टूडियोज की यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को बड़े पर्दे पर पहुंची है। फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने फिल्म को प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके को-प्रोड्यूसर हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ में एक बार फिर गुड्डू पंडित, कालीन भैया और मुन्ना भैया के चर्चित किरदार नजर आ रहे हैं। इन भूमिकाओं में अली फजल, पंकज त्रिपाठी और दिब्येंदु की वापसी हुई है। ऐसे में फैंस के बीच फिल्म को लेकर काफी उत्सुकता देखने को मिल रही है। आइए जानते हैं कैसी है ‘मिर्जापुर: द मूवी’।
फिल्म की कहानी 2018 से शुरू होती है। शुरुआत से ही पंकज त्रिपाठी शह और मात के खेल में नजर आते हैं। वहीं जितेंद्र कुमार और अली फजल की जोड़ी भी अपनी परफॉर्मेंस से प्रभावित करती है। फिल्म में किरदार भले ही पुराने हैं, लेकिन कहानी में जोड़े गए नए ट्विस्ट इसे दिलचस्प बनाए रखते हैं।
फिल्म में रवि किशन बब्बन के किरदार में नजर आ रहे हैं। बब्बन अपराध की दुनिया का बड़ा खिलाड़ी है और उसकी नजर मिर्जापुर की गद्दी पर है। सीरीज में जहां गद्दी की लड़ाई मुख्य रूप से अंदरूनी थी, वहीं फिल्म में कहानी का दायरा बढ़ता नजर आता है। इस बार बब्बन यानी रवि किशन से मिर्जापुर की गद्दी को लेकर सीधी टक्कर देखने को मिलती है।
मुन्ना भैया का भौकाल फिल्म के पहले घंटे में ज्यादा देखने को नहीं मिलता, लेकिन करीब एक घंटे के बाद उनका किरदार फिर से अपना असर दिखाता है। फिल्म में अली फजल की एक्टिंग शानदार है, वहीं पंकज त्रिपाठी एक बार फिर अपने अभिनय से प्रभावित करते हैं। बाकी किरदार भी अपनी अदायगी को बरकरार रखते हुए कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
फिल्म का दूसरा हाफ मुख्य रूप से बब्बन और कालीन भैया के इर्द-गिर्द घूमता नजर आता है। अली फजल ने इस फिल्म में सीरीज की तुलना में और भी बेहतर काम किया है। वहीं जितेंद्र कुमार भी अपने किरदार में पूरी तरह फिट बैठते हैं। कुल मिलाकर पुराने किरदारों के साथ नए ट्विस्ट और दमदार एक्टिंग फिल्म को दिलचस्प बनाए रखते हैं।
