मालदा जिले की हबीबपुर थाना पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने एक संयुक्त अभियान चलाकर भारत से बांग्लादेश में मोबाइल फोन तस्करी करने के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने बीएसएफ के सहयोग से विभिन्न नामी कंपनियों के २१६ कीमती मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस ने चार अंतरराष्ट्रीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तस्करों के नाम विनय सोरेन, सुभाकर सोरेन, प्रभाकर सोरेन और मुंशी सोरेन हैं।
ये चारों आरोपी हबीबपुर थाना अंतर्गत जाजइल अंचल के सुचल मोहम्मदपुर इलाके के रहने वाले हैं।घर में छिपाकर रखे थे ४१ लाख के मोबाइलबताया जा रहा है कि इन चारों तस्करों ने बांग्लादेश में तस्करी करने के उद्देश्य से इलाके के ही एक घर में भारी मात्रा में मोबाइल फोन का स्टॉक जमा कर रखा था। हबीबपुर थाना पुलिस को गुप्त सूत्रों से इस साजिश की भनक लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बीएसएफ की ८८वीं बटालियन के हरिश्चंद्रपुर बीओपी (BOP) के जवानों के साथ तालमेल बिठाया और रविवार शाम को उक्त इलाके में एक संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया।
इस दौरान एक तस्कर के घर से विभिन्न नामी ब्रांड्स के २१६ स्मार्टफोन बरामद हुए। जब्त किए गए इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग ४१ लाख रुपये आंकी गई है।कोर्ट में पेशी, रिमांड की तैयारीपुलिस ने मौके से ही चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और मोबाइल फोन जब्त कर थाने ले आई। इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क के पीछे जुड़े अन्य चेहरों और मुख्य सरगना का पता लगाने के लिए पुलिस ने सोमवार को चारों आरोपियों को मालदा जिला अदालत में पेश किया। पुलिस ने आगे की कड़ाई से पूछताछ और जांच के लिए अदालत से आरोपियों की पुलिस हिरासत (रिमांड) की मांग की है।
