सिक्किम से तस्करी कर लाई जा रही 40 लाख रुपये से अधिक की शराब और बीयर बरामद, दार्जिलिंग के 3 युवक गिरफ्तार

सिक्किम से सिलीगुड़ी और आसपास के इलाकों में तस्करी के लिए लाई जा रही भारी मात्रा में नॉन-ड्यूटी पेड (एनडीपी) विदेशी शराब और बीयर को जलपाईगुड़ी आबकारी विभाग ने जब्त किया है। सेवक फॉरेस्ट क्षेत्र के समीप बंगाल सफारी इलाके में देर रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान दो वाहनों को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें करोड़ों के अवैध मदिरा कारोबार का खुलासा हुआ। मामले में दार्जिलिंग जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया है। आबकारी विभाग के सूत्रों के अनुसार, जलपाईगुड़ी एक्साइज डिवीजन के स्पेशल कमिश्नर सुजीत दास को गुप्त सूचना मिली थी कि सिक्किम से दो वाहनों में बड़ी मात्रा में शराब की खेप पश्चिम बंगाल लाई जा रही है।

सूचना के आधार पर भक्तिनगर रेंज के डिप्टी एक्साइज कलेक्टर किराद सिंह बार्दी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने कालिझोरा और सेवक फॉरेस्ट क्षेत्र में निगरानी शुरू की। बुधवार तड़के करीब 3 बजे बंगाल सफारी के निकट संदिग्ध टाटा सूमो (WB 58N 7520) और महिंद्रा बोलेरो पिकअप (WB 73E 5292) को रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 1,528.2 लीटर विदेशी शराब और 468 लीटर बीयर बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधीर राय (27), आयुष राय (20) और आयुष्मान लिम्बू (22) के रूप में हुई है। तीनों दार्जिलिंग जिले के निवासी हैं। हालांकि कार्रवाई के दौरान तस्करी गिरोह का एक अन्य सदस्य मौके से फरार होने में सफल रहा।

आबकारी विभाग के अनुसार, बरामद शराब और बीयर की बाजार कीमत लगभग 40 लाख 54 हजार 500 रुपये आंकी गई है, जबकि जब्त किए गए दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत करीब 16 लाख रुपये है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी और दार्जिलिंग जिले के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किए जाने के लिए लाई जा रही थी। आबकारी विभाग अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी गिरोह के सरगना और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को रिमांड की मांग के साथ सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।

By Sonakshi Sarkar