3kW सोलर पैनल लगवाने में कितना आएगा खर्च? कितने साल में वसूल होगा पूरा पैसा

केंद्र सरकार की ‘पीएम सूर्य घर’ योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगवाने वालों को सब्सिडी दी जा रही है। इसके अलावा, कुछ राज्य सरकारें भी सोलर पैनल लगाने पर अतिरिक्त आर्थिक मदद देती हैं। इस योजना का उद्देश्य लोगों को खुद बिजली बनाने के लिए प्रोत्साहित करना और हर महीने आने वाले भारी बिजली बिल को कम करना है। आमतौर पर घरों में 1kW से 5kW तक के सोलर सिस्टम लगाए जाते हैं। ऐसे में अगर आप 3kW का सोलर सिस्टम लगवाते हैं, तो कितनी सब्सिडी मिलेगी और बिजली बिल में बचत के जरिए आपका खर्च कितने समय में पूरा हो सकता है, आइए आसान भाषा में समझते हैं।

सब्सिडी मिलने के बावजूद सोलर सिस्टम लगाने का पूरा खर्च सरकार नहीं उठाती। इसकी लागत का करीब 40 से 70 फीसदी हिस्सा आपको खुद वहन करना पड़ सकता है। हालांकि, हर महीने बिजली बिल में होने वाली बचत के जरिए धीरे-धीरे यह निवेश रिकवर किया जा सकता है। सामान्य तौर पर सोलर सिस्टम पर किया गया खर्च 3 से 5 साल में वसूल होने की संभावना रहती है। हालांकि, यह अवधि आपके घर की बिजली खपत और लोड पर निर्भर करती है।

3BHK घर के लिए 3kW का सोलर सिस्टम एक अच्छा विकल्प माना जाता है। इसे लगवाने में करीब 1.40 लाख से 1.60 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है। सरकार की ओर से 78,000 रुपये तक की सब्सिडी मिलने के बाद आपको अपनी जेब से करीब 82,000 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।

3kW सोलर सिस्टम से हर महीने बिजली के बिल में लगभग 2,000 से 2,500 रुपये तक की बचत हो सकती है। इस हिसाब से बिजली बिल में होने वाली बचत के जरिए सोलर सिस्टम पर लगाया गया पैसा करीब 3.5 से 4 साल में वापस मिल सकता है। इसके बाद बिजली बिल में होने वाली बचत आपकी अतिरिक्त बचत के रूप में रहेगी।

By sunny