LJP सांसद प्रिंस राज और Chirag Paswan के खिलाफ रेप मामले में FIR, पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप

190

बिहार के समस्तीपुर से लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के सांसद प्रिंस राज पासवान के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है| रेप के मामले में दर्ज की गई इस FIR में प्रिंस के चचेरे भाई और LJP नेता चिराग पासवान का भी जिक्र है| यह FIR तीन महीने पहले की शिकायत के आधार पर दर्ज हुई है, जो कनॉट प्लेस थाने में की गई थी| कोर्ट के आदेश के बाद 9 सितंबर को दर्ज हुई इस FIR में पीड़िता ने अनेक आरोप लगाए हैं|

हालांकि, प्रिंस राज भी युवती के खिलाफ पहले एफआईआर दर्ज करवा चुके हैं. प्रिंस की एफआईआर के मुताबिक, ‘युवती से मुलाकात साल 2019 में हुई थी| जून 2020 आते-आते दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए| 18 जून, 2020 को युवती ने उन्हें गाजियाबाद स्थित अपने घर पर बुलाया, जहां दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने| हालांकि, लड़की का आरोप है कि प्रिंस उसके साथ मर्जी के बिना ही संबंध बनाए|

पीड़िता ने बताया कि मैं भी पार्टी से जुड़ी थी| मेरे साथ प्रिंसराज ने 2020 में वेस्टर्न कोर्ट में रेप किया|  मेरा अश्लील वीडियो बनाया. मेरे ऊपर संसद मार्ग थाने में जबरन उगाही का फर्जी केस दर्ज कराया| मैंने जब ये सब चिराग भैया को बताया तो उन्होंने मेरी मदद करने की बजाय मेरी पहचान सार्वजनिक की और प्रिंसराज की मदद की| इस केस में चिराग पासवान भी इसीलिए आरोपी नम्बर 2 हैं| हमने 3 महीने पहले कनॉट प्लेस थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया. अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने प्रिंसराज और चिराग पासवान के खिलाफ केस दर्ज किया है|

17 जून को प्रिंस राज ने एक बयान को ट्वीट किया था, जिसमें उन्होंने महिला द्वारा लगाए गए उत्पीड़ना और दुर्व्यवहार के आरोपों का खंडन किया था| उन्होंने लिखा था कि मैं पूरी तरह से इस दावे से इनकार करता हूं, जो मेरे खिलाफ किया गया है| ऐसे सभी दावे स्पष्ट रूप से झूठे, मनगढ़ंत हैं| मेरे सम्मान और प्रतिष्ठा पर खतरे में डालकर मुझ पर दबाव बनाने के लिए ये बड़ी आपराधिक साजिश का हिस्सा है| उन्होंने ये भी लिखा कि महिलाओं की सुरक्षा के बने कानूनों का यूं बार-बार दुरुपयोग और द्वेषपूर्ण प्रयासों से मैं बेहद दुखी हूं| उन्होंने आरोप लगाया कि महिला ने पहले भी इसी तरह के आरोप लगाए थे और उन्होंने फरवरी में उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी|उन्होंने कहा कि उनकी शिकायत पर केस भी दर्ज किया गया था|

बता दें कि इस साल की शुरुआत में ही चचेरे भाई प्रिंस राज और चिराग पासवान के रिश्ते खराब हो गए थे जब उनके चाचा ने लोकसभा में लोजपा के छह सांसदों में से पांच के साथ एक अलग गुट बना लिया| प्रिंस राज उन्हीं पांच लोगों में शामिल थे जिन्होंने बगावत की थी|